अंगारों पर चले भोक्ता
बेड़ो के टेरो में शिव आराधना का महापर्व मंडा में उमड़े श्रद्धालु
By KEDAR MAHTO BERO |
April 28, 2026 9:48 PM
प्रतिनिधि, बेड़ो.
प्रखंड के टेरो गांव के मंडा टांड़ में मंगलवार को धूमधाम से मंडा पर्व मनाया गया. भोक्ताओं ने बनस झूला से आस्था के फूल बरसाये. महिलाएं फूल को अपने आंचल में लेने के लिए उमड़ पड़ीं. वहीं सोमवार की रात्रि भोक्ताओं ने धुआं-सुआं का आयोजन किया. इसके बाद लोटन सेवा की गयी. शिव भक्तों के ऊपर मुख्य भोक्ता ने पैर रखकर मंदिर में प्रवेश किये और महादेव की आराधना की. इसके बाद देर रात्रि फूलखुंदी की गयी. जिसके तहत दहकते अंगारों पर सबसे पहले मुख्य भोक्ता खाली पैर चले. जिसके बाद सभी भोक्ता व सोक्ताइनों ने फूलखुंदी की. सभी ने खाली पैर अंगारों पर चलकर शिवभक्ति का परिचय दिया. हर हर महादेव के जयकारों से पूरा गांव गूंज गया. साथ ही रात्रि में स्थानिय कलाकारों ने देवी-देवताओं का मुखौटा पहनकर छऊ नृत्य किया. ग्रामीणों ने छऊ नृत्य का भरपूर आनंद लिया. पुजारी केडी गोस्वामी ने विधि-विधान से पूजा करायी. पूजा के बाद ग्रामीणों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया. पूजा को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष मंगरा पहान, कोषाध्यक्ष अरुण सिंह, सचिव गोपाल सिंह, संरक्षक नवदीप महतो, रंथा उरांव, नवल किशोर सिंह, मुखिया पंचू उरांव, सुके उरांव व ग्रामीणों ने सहयोग किया.
आस्था़ बेड़ो के टेरो में शिव आराधना का महापर्व मंडा में उमड़े श्रद्धालुB
...