अपराधियों ने राजधर साइडिंग में की फायरिंग, बचा पेलोडर ऑपरेटर
अज्ञात अपराधियों ने हमला कर एक पेलोडर मशीन व उसके ऑपरेटर जितेंद्र कुमार को निशाना बनाने की कोशिश की
By JITENDRA RANA |
January 30, 2026 10:19 PM
प्रतिनिधि, पिपरवार.
सीसीएल पिपरवार क्षेत्र के राजधर साइडिंग में गुरुवार रात अज्ञात अपराधियों ने हमला कर एक पेलोडर मशीन व उसके ऑपरेटर जितेंद्र कुमार को निशाना बनाने की कोशिश की. अपराधियों ने ऑपरेटर को लक्ष्य कर सात फायर किये और पेट्रोल छिड़क कर पेलोडर मशीन में आग लगाने की कोशिश की. पर, पोस्ट पर तैनात एसआइएसएफ के जवानों की जवाबी फायरिंग से अपराधी भाग गये. फायरिंग में ऑपरेटर बाल-बाल बच गया. लोगों ने पेलोडर मशीन में लगी आग पर तुरंत काबू पा लिया. रात्रि 10:15 बजे हुई घटना की सूचना एसआइएसएफ के कंपनी कमांडर जयराम सिंह ने पिपरवार पुलिस को दी. सूचना मिलते ही टंडवा एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार, थाना प्रभारी अभय कुमार भारी बल के साथ साइडिंग पहुंचे. पुलिस ने अपराधियों की धर पकड़ को लेकर रात भर राजधर व बहेरा गांव के आसपास के जंगलों में सर्च अभियान चलाया. पुलिस ने घटनास्थल से छह खोखे बरामद किये हैं.
10-15 संदिग्धों से पूछताछ :
टंडवा के एसडीपीओ प्रभात रंजन ने कहा कि पुलिस ने बड़े पैमाने पर सर्च अभियान चलाया है. अब तक अपराधियों की पहचान नहीं हो पायी है. पुलिस 10-15 संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर उनकी पहचान करने की कोशिश कर रही है. घटना में उग्रवादियों की संलिप्तता से इनकार नहीं किया जा सकता है. लेकिन पेटी क्रिमिनल्स पर शक ज्यादा है.
...