रैक लोडिंग का काम देखने वाले अधिकारी को धमकी

कोल वाशरी के अधिकारी सुशील कुमार को रैक लोडिंग का काम बंद नहीं करने पर जान मारने की धमकी दी गयी है.

By ROHIT KUMAR MAHT | February 26, 2026 9:03 PM

डकरा. डकरा के केडीएच स्थित मोनेट डेनियल कोल वाशरी के अधिकारी सुशील कुमार को रैक लोडिंग का काम बंद नहीं करने पर जान मारने की धमकी दी गयी है. इस धमकी के बाद प्लांट के सभी अधिकारियों में भय का वातावरण बन गया है, जिसको देखते हुए वाशरी के महाप्रबंधक देवेन्द्र सिंह ने इसकी लिखित शिकायत खलारी पुलिस से की है. महाप्रबंधक ने पुलिस को बताया है कि सुशील कुमार रैक लोडिंग का काम देखते हैं. गुरुवार सुबह 11 बजे उनके मोबाइल नंबर पर 1(825)595-0351 से वाट्स एप पर उत्तरी-दक्षिण मध्य जोनल कमेटी के लेटर पैड पर निर्भय जी के नाम से रैक लोडिंग का काम बंद करने का आदेश दिया गया है. काम बंद नहीं करने पर जान मारने की धमकी दी गयी है. कहा गया कि इस धमकी से प्लांट के अधिकारी और कर्मचारी डरे हुए हैं, उन्हें सुरक्षा देने की मांग की गयी है. ज्ञात हो कि किसी अधिकारी को इस तरह से धमकी दिए जाने का यह पहला मामला है.