सीजीएल परीक्षा धन उगाही मामले में फरार अनीश पटना से गिरफ्तार

Absconding Anish arrested from Patna

By PRABHAT GOPAL JHA | February 14, 2026 12:12 AM

रांची. सीजीएल परीक्षा धन उगाही मामले में फरार प्रमुख आरोपी अनीश को एसआइटी ने पटना से गिरफ्तार कर लिया है. इसके लिए स्थानीय पुलिस की मदद ली गयी. आरोपी मूल रूप से बिहटा का निवासी है. आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर रांची लाया जा रहा है. इसे रांची लाने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जायेगा. एसआइटी आरोपी को केस में आगे पूछताछ के लिए रिमांड पर ले सकती है.

आरोपियों ने अनीश का नाम पूछताछ में बताया था

मामले में पहले गिरफ्तार हुए आरोपियों ने अनीश का नाम एसआइटी के समक्ष पूछताछ में बताया था. मोबाइल फोन के सीडीआर में अनीश की भूमिका सामने आयी थी. इसके साथ ही बैंक खाते की जांच के दौरान मनी ट्रेल में अनीश कुमार के पैसे लेने की पुष्टि हुई थी. ये पैसे वैसे कुछ छात्रों से वसूले गये थे, जिनके नेपाल जाने की पुष्टि एसआइटी की जांच में हुई थी. एसआइटी को मोबाइल फोन की जांच के दौरान अनीश का लोकेशन कोलकाता और आसनसोल का मिला था. जिसके बाद एसआइटी ने दोनों स्थानों में छापेमारी की थी. एसआइटी को कोलकाता के जिस अपार्टमेंट में अनीश के रहने की जानकारी मिली थी, वहां के सचिव को अनीश को उपस्थिति के लिए नोटिस भी दिया गया था. लेकिन केस के अनुसंधान के दौरान अनीश उपस्थित नहीं हुआ और न ही उसने एसआइटी को मदद की. जांच में दोषी मिलने पर एसआइटी ने अनीश की गिरफ्तारी के लिए न्यायालय से वारंट हासिल किया था.