रामगढ़: विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर दामोदर नदी घाट में होगा पौधरोपण कार्यक्रम 

Ramgarh News: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर रामगढ़ जिला प्रशासन द्वारा पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. जिला प्रशासन ने लोगों से इसमें शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें. 

By Sweta Vaidya | June 5, 2026 7:31 AM

रामगढ़ से भागीरथ महतो की रिपोर्ट 

Ramgarh News: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पांच जून को सुबह दस बजे नमामि गंगे योजना के तहत थाना चौक स्थित दामोदर नदी घाट में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन द्वारा पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण में बढ़ोतरी और दामोदर नदी तट के सौंदर्यीकरण के उद्देश्य से किया जा रहा है. 

विभिन्न वर्गों की होगी सहभागिता 

पौधरोपण कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन, स्वयंसेवी संस्थाएं, विद्यार्थी और आम नागरिक भाग लेंगे. जिला प्रशासन द्वारा अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने की दिशा में जरूरी तैयारी की जा रही है. 

50 पौधे उपलब्ध कराएगा वन प्रमंडल 

कार्यक्रम के लिए वन प्रमंडल रामगढ़ की ओर से 50 पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे. वहीं पौधों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सीसीएल रजरप्पा क्षेत्र द्वारा 50 गेबियन घेरों की व्यवस्था की जाएगी, ताकि पौधों का संरक्षण किया जा सके. 

सफाई और अन्य तैयारियां जारी 

वृक्षारोपण स्थल पर साफ-सफाई, गड्ढों की खुदाई तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं छावनी परिषद एवं नगर परिषद रामगढ़ द्वारा की जा रही हैं. संबंधित विभाग कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं. 

जिलेवासियों से भागीदारी की अपील 

जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और पौधरोपण कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है. प्रशासन का मानना है कि जनभागीदारी से ही पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य को प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सकता है.

यह भी पढ़ें- देवघर: छत्तीसगढ़ का टॉप-10 वांटेड मनीष मंडल गिरफ्तार, सर्राफा कारोबारी की हत्या कर हुआ था फरार

यह भी पढ़ें- Koderma: तिलैया पुलिस ने चोरी के मामले का किया खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार