रामगढ़: जमीन विवाद में सब-रजिस्ट्रार की हत्या का मामला, पुलिस ने सात आरोपियों को किया गिरफ्तार
Ramgarh Murder Case: रामगढ़ के मांडू थाना क्षेत्र में जमीन विवाद में सब-रजिस्ट्रार की हत्या मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने घटना में इस्तेमाल खून लगा ईंट का टुकड़ा और बांस का डंडा बरामद किया है.
रामगढ़ से संजय शुक्ला की रिपोर्ट
Ramgarh Murder Case: झारखंड के रामगढ़ जिला के मांडू थाना क्षेत्र के बलसगरा गांव में जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट में एक व्यक्ति की मौत हो गई. मृतक की पहचान बालेश्वर पटेल (पिता- ननकु महतो, निवासी रबोध, थाना मांडू) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में गिरिडीह में सब-रजिस्ट्रार पद पर कार्यरत थे. इस मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक ने प्रेस कांफ्रेंस कर दी. पुलिस के अनुसार 30 जून की सुबह करीब 08:40 बजे सूचना मिली कि बलसगरा गांव में पूर्व के जमीन विवाद को लेकर एक पक्ष के लोगों द्वारा बालेश्वर पटेल के साथ मारपीट की जा रही है. सूचना मिलते ही मांडू थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घायल को इलाज के लिए होप हॉस्पिटल रामगढ़ पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
पत्नी के आवेदन पर केस दर्ज
घटना के बाद मृतक की पत्नी के आवेदन पर मांडू थाना कांड संख्या 151/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई. अनुसंधान के क्रम में एफएसएल रांची की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य संकलित किए.
एसपी के निर्देश पर गठित टीम, सात आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए रामगढ़ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. टीम ने छापेमारी, स्थानीय पूछताछ और वीडियो फुटेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए अब तक कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. सभी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है.
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने संतोष कुमार साव उर्फ पम्पम, रामू साव उर्फ ज्ञानी, शकुन्तला देवी, रूबी कुमारी (सभी हुवाग, मांडू), विनय कुमार (चतरा), पूजा कुमारी (मानगो, जमशेदपुर) और लक्ष्मी देवी उर्फ डोली कुमारी (धनबाद) को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने घटना में इस्तेमाल खून लगा ईंट का टुकड़ा और बांस का डंडा बरामद किया है.
छापामारी दल में शामिल रहे ये अधिकारी
कार्रवाई में मांडू थाना, वेस्ट बोकारो, कुज्जू ओपी सहित कई पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल शामिल रहे. फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ें: रांची में ऑनलाइन रजिस्टर-2 से छेड़छाड़ कर अवैध जमाबंदी, कांके सीओ ने साइबर थाने में दर्ज कराई एफआईआर
यह भी पढ़ें: जेपीएससी सिविल सर्विस पीटी रिजल्ट जारी होने का रास्ता साफ, उम्र सीमा विवाद पर हाईकोर्ट ने खत्म की सुनवाई
यह भी पढ़ें: सीसीएल कर्मी को राहत: 39 साल की नौकरी के बाद कर दिए गए थे बर्खास्त, हाईकोर्ट ने आदेश किया निरस्त
