रामगढ़: पानी की समस्या से निपटने को लेकर विशेष शिविर आयोजित 

Ramgarh News: गोला प्रखंड के हेंसापोड़ा पंचायत सचिवालय में आयोजित विशेष शिविर में जल संकट से निपटने को लेकर खराब चापाकलों और सोलर जलमीनारों की समीक्षा की गई. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें. 

By Sweta Vaidya | May 12, 2026 7:15 AM

गोला से राजकुमार की रिपोर्ट 

Ramgarh News: झारखंड के रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड अंतर्गत पंचायत सचिवालय हेंसापोड़ा में सोमवार को जल संकट से निपटने को लेकर विशेष शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में ग्रामीणों से पंचायत क्षेत्र के खराब चापाकलों और सोलर जलमीनारों की जानकारी ली गई. साथ ही खराब पेयजल स्रोतों की मरम्मत कराने को लेकर जरूरी निर्णय लिए गए. 

90 पेयजल स्रोतों में 36 खराब 

बैठक में बताया गया कि पंचायत क्षेत्र में कुल 90 चापाकल एवं सोलर जलमीनार स्थापित हैं. इनमें से 54 वर्तमान में चालू हालत में हैं, जबकि 36 खराब पड़े हुए हैं. पेयजल संकट को देखते हुए खराब उपकरणों की शीघ्र मरम्मत कराने पर जोर दिया गया. 

तीन चापाकलों की तत्काल कराई गई मरम्मत 

शिविर के दौरान तीन चापाकलों की तत्काल मरम्मत भी करायी गयी, जिससे आसपास के ग्रामीणों को राहत मिली. बैठक में कई खराब चापाकलों की मरम्मत के लिए जिला स्तर से फंड उपलब्ध कराने की मांग की गई. वहीं पंचायत स्तर पर भी उपलब्ध संसाधनों से कुछ चापाकलों की मरम्मत कराने का निर्णय लिया गया. 

गर्मी में पेयजल संकट नहीं होने देने का आश्वासन 

अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि गर्मी के मौसम में पेयजल संकट नहीं होने दिया जाएगा और खराब जलस्रोतों को जल्द दुरुस्त किया जाएगा. मौके पर बीडीओ सुधा वर्मा, मुखिया गीतांजलि कुमारी तिर्की, पंचायत सचिव लिनेट तिर्की, पूर्व मुखिया विशाल कुमार, कामाख्या प्रसाद, विकास बेदिया, सोमाय मांझी, कुंती देवी, हेमंती देवी, रामलाल मांझी, लखीराम बेदिया सहित कई ग्रामीण मौजूद थे.

इसे भी पढ़ें: गुमला के कामडारा अस्पताल से गायब थीं डॉक्टर, इलाज के अभाव में एंबुलेंस चालक की मौत

इसे भी पढ़ें: रजरप्पा के छिन्नमस्तिका मंदिर से हटाए गए दुकानदारों के पुनर्वास पर हाईकोर्ट सख्त, दिए निर्देश