पलामू में SIR प्रक्रिया जारी, जनप्रतिनिधियों ने भरा गणना प्रपत्र
SIR In Palamu: पलामू में एसआइआर-2026 का काम जारी है. एसआइआर-2026 अभियान के तहत पलामू में जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों की मौजूदगी में गणना प्रपत्र भरा.
मेदिनीनगर से चंद्रशेखर सिंह की रिपोर्ट
SIR In Palamu: पलामू जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) 2026 के अंतर्गत मतदाता सूची को दुरुस्त बनाने का कार्य जारी है. इसी कड़ी में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों की मौजूदगी में जनप्रतिनिधियों और मार्क वोटरों से गणना प्रपत्र (इएफ) भरवाया गया. इसके साथ ही मौके पर ही उनके डिजिटाइजेशन का कार्य भी पूरा कर लिया गया.
डाल्टनगंज विधानसभा: एसडीओ की मौजूदगी में भरा गया फॉर्म
76-डालटनगंज विधानसभा क्षेत्र में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अनुमंडल पदाधिकारी (सदर मेदिनीनगर) की उपस्थिति में मार्क वोटर सह झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री के एन त्रिपाठी, स्थानीय विधायक आलोक कुमार चौरसिया और जिला परिषद सदस्य रामलव चौरसिया सहित अन्य को गणना प्रपत्र (इएफ) उपलब्ध कराया गया. इन सभी ने अधिकारियों के सामने फॉर्म भरा, जिसके बाद उसका डिजिटल डेटा तैयार किया गया.
पांकी विधानसभा: बीएलओ ऐप से ऑनलाइन हुआ कार्य
75-पांकी विधानसभा क्षेत्र में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-जिला आपूर्ति पदाधिकारी की देखरेख में बीएलओ के माध्यम से स्थानीय विधायक कुशवाहा शशि भूषण मेहता को गणना प्रपत्र (इएफ) दिया गया. विधायक द्वारा फॉर्म भरे जाने के बाद, बीएलओ ने तुरंत बीएलओ ऐप के जरिए डेटा को ऑनलाइन फीड कर डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया को पूरा किया.
समयसीमा के भीतर काम पूरा करने का लक्ष्य: जिला निर्वाचन पदाधिकारी
जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) 2026 के तहत गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन का कार्य निर्धारित समयसीमा के अनुसार लगातार किया जा रहा है. मामले को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि इस विशेष अभियान का उद्देश्य शत-प्रतिशत त्रुटिहीन मतदाता सूची तैयार करना है. सभी कोषांग सक्रियता से कार्य कर रहे हैं जिससे कि निर्धारित समय के भीतर डिजिटाइजेशन का कार्य पूरा किया जा सके. इसमें जनप्रतिनिधियों का सहयोग सराहनीय है.
यह भी पढ़ें: बड़कागांव में अवैध कोयला खदान का चाल धंसने से दो मजदूरों की मौत, पहले भी हो चुका है हादसा
यह भी पढ़ें: उत्तरी छोटानागपुर के शिक्षा विभाग में 74 कर्मियों का महा-तबादला, हजारीबाग DEO दफ्तर के पुराने चेहरे साफ
यह भी पढ़ें: जमशेदपुर बंद पर अमर बाउरी का हमला, बोले- जनता ने तोड़ा हेमंत सरकार के साढ़े छह साल का अहंकार
