पलामू फैमिली डेथ केस : पीड़ित परिवार से मिले भाजपा नेता, जांच और सहायता की उठाई मांग 

Palamu Family Death Case : पलामू के सिक्का गांव में एक परिवार के पांच सदस्यों की मौत के मामले को लेकर भाजपा नेताओं ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और आर्थिक सहयोग दिया. साथ ही स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति पर सवाल उठाते हुए प्रशासन से त्वरित जांच और सहायता की मांग की.

By Priya Gupta | July 1, 2026 9:12 AM

पलामू से चंद्रशेखर की रिपोर्ट 

Palamu Family Death Case : पलामू जिले के पड़वा प्रखंड के सिक्का गांव में एक ही परिवार के पांच लोगों की असामयिक मौत पर पलामू भाजपा के जिलाध्यक्ष अमित तिवारी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को पीड़ित परिवार से मिला. पीड़ितों का हाल जाना और इस घटना को अत्यंत ही हृदयविदारक बताया. इस दौरान भाजपा नेताओं ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दी.

भाजपा ने सरकार और प्रशासन पर उठाए सवाल 

मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष अमित तिवारी ने कहा कि यह घटना काफी दुखद है. राज्य की हेमंत सरकार एवं जिला प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने आश्चर्य व्यक्त करते हुए कहा कि जिस गांव में यह घटना घटी है, वह जिला मुख्यालय से 16 किलोमीटर की दूरी पर है. इसके बावजूद कुलदीप महतो के परिवार में लगातार पांच मौत हो चुकी है. लेकिन शासन-प्रशासन इससे बेखबर है. उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को तत्काल जिला प्रशासन के सरकारी सहयोग करें. उन्होंने कहा कि मेडिकल कालेज होने के बाद भी इलाज की मुकम्मल व्यवस्था नही है. 

भाजपा ने जांच और बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था की मांग की 

घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए भी प्रभावी कदम उठाए जाने की आवश्यकता है. मौके पर मौजूद भाजपा नेता प्रेम सिंह ने कहा कि आज पलामू में मेडिकल कॉलेज होने के बावजूद भी जिले वासियों को स्वास्थ्य की समुचित व्यवस्था नहीं मिल पा रही है, यह अत्यंत ही शर्मनाक है. उन्होंने पलामू जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग से इस घटना की अविलंब जांच की मांग की है. भाजपा नेताओं ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन इस मामले में शीघ्र पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का कार्य करेगी. 

पीड़ित परिवार को दी सांत्वना  

प्रतिनिधमंडल ने शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करे. मौके पर भाजपा नेता नरेंद्र पांडेय, दुर्गा जौहरी, राजहंस अग्रवाल, विजय ठाकुर, अजय सिंह, विजय कुशवाहा, शुभम प्रसाद, राकेश पांडेय, विशिष्ठ मेहता, गुड्डू बर्मन सहित कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे.

ये भी पढ़ें: पलामू फैमिली डेथ केस : एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत मामले में सरकार ने दिए उच्च स्तरीय जांच के आदेश 

ये भी पढ़ेंपलामू: 10 दिन में एक ही परिवार के 5 लोगों की गई जान, ओझा का दिया भभूत खाने का शक