कोडरमा के डोमचांच में हाथियों का कहर, महिला को कुचलकर मार डाला

Koderma Domchanch Elephant Attack: डोमचांच नगर पंचायत क्षेत्र में बीती रात हाथियों के झुंड ने अचानक कहर बरपाया. हाथियों की चपेट में आने से तेतरियाडीह की एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें. 

By Sweta Vaidya | June 25, 2026 11:24 AM

डोमचांच रंजीत बनर्जी की रिपोर्ट

Koderma Domchanch Elephant Attack: झारखंड के कोडरमा जिले के डोमचांच नगर पंचायत क्षेत्र में हाथियों के झुंड ने बीती रात जमकर उत्पात मचाया. हाथियों ने दुरोडीह और तेतरियाडीह गांव में कई घरों की दीवारों को क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया. हाथियों के गांव में घुसने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने बम-पटाखे फोड़कर उन्हें भगाने का प्रयास किया. इसके बाद हाथियों का झुंड तेतरियाडीह की ओर बढ़ गया. भय के कारण ग्रामीण पूरी रात जागकर पहरा देते रहे.

महिला की हुई मौत

इसी दौरान हाथियों का झुंड तेतरियाडीह होते हुए खरीटांड पहुंच गया, जहां एक महिला को कुचलकर मार डाला. घटना की जानकारी गुरुवार सुबह उस समय मिली, जब ग्रामीण टहलने के लिए निकले. लोगों ने एक महिला का शव पड़ा देखा. पास जाकर देखने पर शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला. घटनास्थल के पास टॉर्च, चप्पल और झोला भी बरामद हुआ. मृतका की पहचान तेतरियाडीह निवासी सुदामा देवी (पति- केदार मेहता) के रूप में हुई है. मृतका के पुत्र पंकज कुमार मेहता ने बताया कि उनकी मां सुबह करीब पांच बजे खेत-बाड़ी देखने के लिए घर से निकली थीं. इसी दौरान हाथियों के झुंड की चपेट में आ गईं. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. 

पुलिस मौके पर पहुंची 

सूचना मिलने पर थाना प्रभारी अभिमन्यु पडिहारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कोडरमा सदर अस्पताल भेज दिया है. घटना के बाद क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है. ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों के आतंक से निजात दिलाने तथा प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है.

यह भी पढ़ें: एसिड अटैक पीड़ित को मिलेगा 15 लाख का मुआवजा, झारखंड हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को दिया आदेश

यह भी पढ़ें: धनबाद भूमि अधिग्रहण मुआवजा घोटाला मामले में आरोपियों की जमानत याचिका पर सुनवाई, हाईकोर्ट ने मांगा बिंदुवार जवाब

यह भी पढ़ें: लखनऊ हादसे के बाद धनबाद में शैक्षणिक संस्थानों पर शिकंजा, सुरक्षा जांच में तीन संस्थानों को नोटिस