झारखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज, 20 जिलों में बारिश-वज्रपात का अलर्ट 

Jharkhand Weather News: झारखंड में मौसम ने फिर करवट ली है. राज्य के अधिकांश जिलों में अगले दो दिनों तक बारिश, तेज हवा, मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है.

By Priya Gupta | June 7, 2026 7:32 AM

Jharkhand Weather News: झारखंड के ऊपर से एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन गुजरने के कारण राज्य के 20 जिलों में रविवार और सोमवार को मौसम बदला-बदला रहने की संभावना है. पलामू, गढ़वा, लातेहार और चतरा को छोड़कर रांची समेत 20 जिलों में रविवार को कहीं-कहीं आसमान में बादल छाये रहने, तेज हवा चलने, मेघ गर्जन और वज्रपात होने की आशंका है. 

मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट 

कुछ स्थानों पर बारिश भी हो सकती है. इसे देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है. 8 जून को भी ऐसी ही स्थिति बने रहने की संभावना है. इधर, केरलम से दक्षिण-पश्चिम मानसून का विस्तार देश के कई हिस्सों में होने लगा है. शनिवार को यह पूर्वोत्तर राज्यों में भी पहुंच गया.

24 घंटे में कई इलाकों में हुई बारिश 

पिछले 24 घंटे के दौरान झारखंड में कहीं-कहीं गरज के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा दर्ज की गई. पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा में सबसे अधिक 50.5 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई. साथ ही, बोकारो में 30 मिमी बारिश हुई. वहीं, सबसे अधिक उच्चतम तापमान 41.0 डिग्री सेल्सियस डालटनगंज में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.0 डिग्री सेल्सियस नामकुम (रांची) में रिकॉर्ड किया गया. 

8 से 10 जून ऐसा रहेगा मौसम 

मौसम विभाग के अनुसार 8 से 10 जून के दौरान राज्य में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है. 8 जून को राज्य के दक्षिणी, निकटवर्ती मध्य और उत्तर-पूर्वी भागों में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होने के आसार हैं. 9 जून को दक्षिणी और निकटवर्ती मध्य भागों में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं 10 जून को भी उत्तर-पश्चिमी भाग को छोड़कर राज्य के शेष क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होने की संभावना है. 

यह भी पढ़ें : आईजीएसटी सेटलमेंट के बाद झारखंड को मिले 797 करोड़ रुपये, पिछले साल के मुकाबले 6% बढ़ोतरी

 यह भी पढ़ें : झारखंड को हमने बनाया है, हम ही संवारेंगे, रांची में बोले भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन