जामताड़ा में खूनी संडे: नाश्ता करने निकले व्यक्ति के मुंह में मारी 3 गोलियां, फिर हवाई फायरिंग कर फरार

Jamtara Crime News: जामताड़ा के धर्मपुर गांव में नाशता करने गये 45 साल के फुरकान अंसारी की गोली मारकर हत्या कर दी गयी है. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गये. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है.

By Sameer Oraon | February 22, 2026 1:05 PM

Jamtara Crime News, जामताड़ा, (उमेश कुमार): जामताड़ा के धर्मपुर गांव में रविवार सुबह अपराधियों ने दिनदहाड़े एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी. मृतक की पहचान धर्मपुर निवासी फुरकान अंसारी (45) के रूप में हुई है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 8:30 बजे फुरकान अंसारी नाश्ता करने के लिए धर्मपुर मोड़ स्थित एक दुकान पर गये थे. इस दौरान तीन अपराधी अपाची बाइक पर सवार होकर वहां पहुंचे और उनके मुंह में तीन गोलियां दाग दी.

वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर ने की हवाई फायरिंग

गोली लगते ही फुरकान अंसारी गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े. वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधियों ने हवा में फायरिंग की और मौके पाकर फरार हो गये. घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गयी. सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में घायल को जामताड़ा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

Also Read: झारखंड में नहीं थम रहा ‘मॉब लिंचिंग’: पलामू में भीड़ ने ली युवक की जान, पुलिस ने एक को हिरासत में लिया

पुलिस हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए कर रही है छानबीन

जिले में दिनदहाड़े हुई इस हत्या से स्थानीय लोग सहमे हुए हैं. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ हमलावरों की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है. परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है. फिलहाल पुलिस का कहना है कि सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा.

Also Read: देवघर पहुंचे उद्योगपति गौतम अदाणी, बोले- मन की शांति के लिए यहां आया हूं