30 जून से शुरू होगा वोटर लिस्ट सुधार अभियान, बीएलओ के साथ घर-घर जायेंगे वॉलंटियर्स
SIR News: स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के तहत 30 जून से वोटर लिस्ट सुधार अभियान शुरू होगा. इस अभियान में बीएलओ के साथ वॉलंटियर्स भी घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे और मतदाता सूची को अपडेट करने की प्रक्रिया में सहयोग करेंगे. पूरी खबर नीचे पढ़ें...
SIR News: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर पूर्वी सिंहभूम जिले में वोटर लिस्ट को पूरी तरह दुरुस्त करने के लिए एक महीने का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर – 2026) मंगलवार से शुरू होने जा रहा है. बीएलओ घर-घर दस्तक देंगे. मतदाताओं को दो कापी गणना प्रपत्र दिये जायेंगे. जिसे भरकर बीएलओ को वापस करना है. सोमवार को रवींद्र भवन सभागार में जिले के सभी बूथ लेवल अफसरों (बीएलओ) और उनके सहयोग के लिए तैनात वॉलंटियर्स को काम की बारीकियां सिखाई गयी. ट्रेनिंग प्रोग्राम का खुद जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने निरीक्षण किया और टीम को ईमानदारी से जिम्मेदारी निभाने का टास्क दिया.
वॉलंटियर्स करेंगे बीएलओ की मदद
डीसी राजीव रंजन ने बताया कि 30 जून मंगलवार से आगामी 29 जुलाई तक चलने वाले इस खास अभियान में हर पोलिंग बूथ पर बीएलओ के साथ वॉलंटियर्स मिलकर काम करेंगे. इनका सबसे बड़ा जिम्मा उन वोटरों (अनट्रेस्ड) का पता लगाना और उनका सत्यापन करना है, जो अपने पते पर नहीं मिल रहे हैं. इसके अलावा ये वॉलंटियर्स लोगों के घर-घर जाकर फॉर्म भरने में उनकी मदद करेंगे, ताकि वोटर लिस्ट से जुड़ी हर व्यावहारिक समस्या का तुरंत समाधान हो सके.
बुजुर्गों और दिव्यांगों को घर बैठे मिलेगी प्राथमिकता
प्रशासन का मुख्य मकसद यह है कि कोई भी प्रवासी मजदूर, योग्य नागरिक या नया वोटर इस प्रक्रिया से वंचित न रह जाये. ट्रेनिंग में विशेष निर्देश दिया गया कि बुजुर्गों, दिव्यांगों, बीमार व्यक्तियों और कमजोर वर्ग के लोगों को प्राथमिकता दी जाये. ताकि उन्हें वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने या सुधार करवाने के लिए भटकना न पड़े. उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह ने भी ट्रेनिंग में आये लोगों को डिजिटल प्लेटफॉर्म (ऐप) के सही इस्तेमाल और कागजातों की जांच के तरीके से अवगत कराया.
घर-घर जाकर गणना प्रपत्र उपलब्ध करायेंगे बीएलओ
बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्र उपलब्ध करायेंगे. इसमें मतदाताओं को विवरण भरकर नवीनतम फोटो चिपकाना और हस्ताक्षर करना अनिवार्य है. प्रवासी श्रमिकों और बाहर पढ़ रहे छात्रों के परिवार के सदस्य इसीआइएनइटी पोर्टल/ऐप के माध्यम से फॉर्म भरकर डिजिटल रूप में बीएलओ को भेज सकते हैं. मतदाता ceo.jharkhand.gov.in पर 2003 की मतदाता सूची, मतदान केंद्र, बीएलओ की जानकारी तथा अनमैप्ड मतदाताओं की सूची देख सकते हैं. वहीं voters.eci.gov.in के माध्यम से नाम सुधार, विलोपन तथा अन्य सेवाओं का लाभ ले सकते हैं.
किसी प्रकार की शिकायत के लिए 1950 पर करें काल
मतदाता किसी भी समस्या के समाधान के लिए वोटर हेल्पलाइन नंबर 1950 या भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट https://ecinet.eci.gov.in पर संपर्क कर सकते हैं. 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक गणना (एन्यूमरेशन) होगी. इस दौरान मतदाताओं से कोई भी दस्तावेज एकत्र नहीं किये जायेंगे.
मुख्य बातें
- जिले में अब तक 71.81% मैपिंग कार्य पूरा, जमशेदपुर पूर्वी में 49.39% ही मैपिंग
- 30 जून से 29 जुलाई तक बीएलओ और वॉलंटियर्स की टीम हर इलाके में करेगी सर्वे.
- जो वोटर अपने पते पर नहीं मिल रहे हैं (अनट्रेस्ड), उनकी पहचान कर लिस्ट सुधारी जायेगी.
- फॉर्म भरने में दिक्कत आने पर वॉलंटियर्स सीधे एईआरओ, ईआरओ) को रिपोर्ट करेंगे.
- सीनियर सिटीजन और दिव्यांग वोटरों को प्राथमिकता के आधार पर मदद मिलेगी.
अब तक इतने प्रतिशत हुई मैपिंग
बहरागोड़ा – 94.32%
घाटशिला – 87.81%
पोटका – 79.85%
जुगसलाई – 73.72%
जमशेदपुर पश्चिमी – 58.88%
जमशेदपुर पूर्वी – 49.39%
ये भी पढ़ें…
जमशेदपुर में पेट्रोल-डीजल की किल्लत, कई पंपों पर लटके ताले, लोग परेशान
