हिमांशु सिंह हत्याकांड: जमशेदपुर बंद के समर्थन में सड़क पर उतरे सांसद और विधायक
Jamshedpur Bandh News:जमशेदपुर में हिमांशु सिंह हत्याकांड के विरोध में एनडीए की ओर से 3 जुलाई शुक्रवार को बुलाए गए जमशेदपुर बंद का शहर में व्यापक असर देखने को मिला.
जमशेदपुर से ब्रजेश की रिपोर्ट
Jamshedpur Bandh News: बंद के कारण सुबह से ही शहर के प्रमुख बाजार, दुकान और पेट्रोल पंप पूरी तरह बंद हैं, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है. जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय, भाजपा जमशेदपुर महानगर जिला अध्यक्ष संजीव सिन्हा, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह सहित पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता बंद को सफल बनाने के लिए सड़क पर उतरे
विधायक ने क्या कहा?
जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय भी सड़क पर उतरे. बंद के बारे में विधायक ने कहा कि अभूतपूर्व बंद हुआ है. लोगों ने अपने दुकानों को बंद रखा है और व्यवसाई संघ ने भी बंद का समर्थन किया है. इसे देखकर सरकर को समझना चाहिए कि जमशेदपुर के लोग कितना दुखी हैं, जो अपराध की घटनाएं हो रही हैं. उन्होंने आगे कहा कि मामले में पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं. पुलिस ने कुछ खास कार्रवाई नहीं किया है. पुलिस मामले को भटकाना चाह रही है.
नेताओं की अगुवाई में प्रदर्शन
सुबह से ही भाजपा के नेता और कार्यकर्ता पूरे शहर में सक्रिय हो गए. उन्होंने बाजारों और व्यापारियों से बंद का समर्थन करने की अपील की. राज्य सरकार और जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. बंद समर्थकों का कहना है कि शहर में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और अपराधी बेखौफ हो चुके हैं.
जमशेदपुर बंद को लेकर प्रशासन अलर्ट
जमशेदपुर बंद को लेकर शांति और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के इंतजाम किए हैं. पूरे जिले को अलग-अलग सेक्टरों में बांटकर 24 घंटे निगरानी की जा रही है. जिले के 49 संवेदनशील स्थानों पर 630 लाठी बल, 73 मजिस्ट्रेट और 20 पुलिस अफसरों की तैनाती की गई है. उपद्रव करने या कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: झारखंड कैबिनेट का फैसला: 12 से कम पंचायत वाले प्रखंडों में अब बीडीओ-सीओ में से कोई एक ही
यह भी पढ़ें: हजारीबाग प्रतिभा सम्मान: 936 टॉपरों को प्रभात खबर ने किया सम्मानित, बोले- आज के समय में ‘स्मार्ट’ बनना जरूरी
यह भी पढ़ें: RIMS News: रिम्स में MBBS, PG और सुपर स्पेशियलिटी सीटों में होगी बढ़ोतरी, केंद्र से मांगी जाएगी मदद
