हिमांशु सिंह हत्याकांड के मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल पर दो लाख का इनाम, सूचना देने वाले की पहचान रहेगी गुप्त
Himanshu Murder Case: जमशेदपुर के हिमांशु सिंह हत्याकांड में फरार मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा की गिरफ्तारी पर पुलिस ने दो लाख रुपये का इनाम घोषित किया है. सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी. पुलिस ने कई हेल्पलाइन नंबर जारी कर आम लोगों से सहयोग की अपील की है.
जमशेदपुर से संजीव भारद्वाज की रिपोर्ट
Himanshu Murder Case: पूर्वी सिंहभूम जिले के चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड में फरार चल रहे मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है. वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय, पूर्वी सिंहभूम ने आरोपी के बारे में सटीक सूचना देने वाले व्यक्ति के लिए दो लाख रुपये के नकद इनाम की घोषणा की है. पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.
‘डबल डाउन बार’ हत्याकांड का है मुख्य आरोपी
यह मामला जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित डबल डाउन बार के बाहर हुए चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड से जुड़ा है. पुलिस के अनुसार, इस मामले में विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा मुख्य आरोपी है और घटना के बाद से फरार चल रहा है. आरोपी के खिलाफ बिष्टुपुर थाना कांड संख्या 84/2026 दर्ज है. इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है.
सरायकेला-खरसावां का रहने वाला है आरोपी
पुलिस के अनुसार, फरार आरोपी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा मूल रूप से सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र स्थित धातकीडीह गांव का निवासी है. घटना के बाद से वह लगातार पुलिस की पकड़ से बाहर है. पुलिस की विशेष टीमों को उसके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाने और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगाया गया है. इसके अलावा आसपास के जिलों में भी निगरानी बढ़ा दी गई है.
सूचना देने वाले की पहचान रहेगी पूरी तरह गोपनीय
नगर पुलिस अधीक्षक की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि आरोपी के संबंध में कोई भी महत्वपूर्ण सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पता पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी और उसकी पहचान किसी भी स्तर पर सार्वजनिक नहीं की जाएगी. पुलिस का कहना है कि आम लोगों के सहयोग से फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने में सफलता मिल सकती है.
इन नंबरों पर दे सकते हैं सूचना
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को आरोपी के ठिकाने, गतिविधियों या उससे जुड़ी किसी भी प्रकार की विश्वसनीय जानकारी मिले तो वह तुरंत पुलिस को सूचित करें. इसके लिए पुलिस अधीक्षक (नगर) के मोबाइल नंबर 9471190203, पुलिस उपाधीक्षक (सीसीआर) के मोबाइल नंबर 9431706486 तथा बिष्टुपुर थाना प्रभारी के मोबाइल नंबर 9431706497 जारी किए गए हैं. इसके अलावा जमशेदपुर पुलिस कंट्रोल रूम के टेलीफोन नंबर 0657-2431030 और 0657-2431028 पर भी सूचना दी जा सकती है.
इसे भी पढ़ें: Himanshu Murder Case: भाजपा का तीन जुलाई को जमशेदपुर बंद का ऐलान, दोषियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग
गिरफ्तारी के लिए लगातार चल रहा अभियान
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हिमांशु सिंह हत्याकांड के मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी सर्वोच्च प्राथमिकता में शामिल है. विशेष जांच टीम लगातार तकनीकी और मानवीय सूचना तंत्र की मदद से आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है. पुलिस ने भरोसा जताया है कि आम जनता के सहयोग और लगातार चल रही छापेमारी के माध्यम से आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा. साथ ही लोगों से अपील की गई है कि यदि आरोपी से संबंधित कोई भी जानकारी मिले तो उसे बिना देरी पुलिस तक पहुंचाएं, ताकि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई तेजी से पूरी की जा सके.
इसे भी पढ़ें: जमशेदपुर के हिमांशु हत्याकांड पर पूर्व सीएम का सरकार पर हमला, पीड़ित परिवार से की मुलाकात
