बड़कागांव में अवैध कोयला खदान का चाल धंसने से दो मजदूरों की मौत, पहले भी हो चुका है हादसा

Hazaribagh News: बड़कागांव के लुरुंगा स्थित अवैध कोयला खदान में चाल धंसने से दो मजदूरों की मौत हो गई. क्षेत्र में पहले भी कई ऐसे हादसे हो चुके हैं. हालांकि इस घटना की प्रशासन की ओर से पुष्टि नहीं की गई है. पूरी खबर नीचे पढ़ें...

By AmleshNandan Sinha | July 4, 2026 10:10 PM

Hazaribagh (बड़कागांव): बड़कागांव प्रखंड लुरुंगा में संचालित अवैध कोयला खदान में चाल धंसने से दो मजदूरों की मौत हो गई है. मृतकों की पहचान शिबू बेदिया एवं सुखदेव गंझू के रूप में बताई जा रही है. स्थानीय सूत्रों के अनुसार, घटना के बाद मामले को दबाने तथा शवों को गुपचुप तरीके से ठिकाने लगाने की कोशिश किए जाने की चर्चा क्षेत्र में तेज है. हालांकि, इस संबंध में प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि या बयान सामने नहीं आया है. इस संबंध में बड़कागांव थाना प्रभारी से पूछे जाने पर बताया कि लुरुंगा हमारे थाना क्षेत्र में नहीं आता है, बल्कि उरीमारी क्षेत्र में आता है.

पूरी घटना पर प्रशासन मौन

दूसरी ओर, उरीमारी ओपी प्रभारी से मोबाइल से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया. क्षेत्र में लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने अवैध कोयला खनन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. बड़कागांव क्षेत्र में यह पहली घटना नहीं है. इससे पहले राउतपारा में चाल धंसने से एक मजदूर की मौत हुई थी, जबकि चानो में अलग-अलग घटनाओं में तीन मजदूरों की जान चली गई थी. लगातार हो रही इन दुर्घटनाओं के बावजूद यदि अवैध खनन पर प्रभावी रोक नहीं लगाई जाती है, तो यह प्रशासनिक जवाबदेही, कानून-व्यवस्था और खनन सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है.

ये भी पढ़ें…

उत्तरी छोटानागपुर के शिक्षा विभाग में 74 कर्मियों का महा-तबादला, हजारीबाग DEO दफ्तर के पुराने चेहरे साफ

हजारीबाग प्रतिभा सम्मान: 936 टॉपरों को प्रभात खबर ने किया सम्मानित, बोले- आज के समय में ‘स्मार्ट’ बनना जरूरी