गोड्डा : विश्वासखानी में शुद्ध पेयजल प्लांट की सौगात, ग्रामीणों में खुशी की लहर

Godda News : गोड्डा जिले के विश्वासखानी गांव में शुद्ध पेयजल प्लांट की स्वीकृति से ग्रामीणों में खुशी की लहर है. लंबे समय से चली आ रही पानी की समस्या के समाधान की उम्मीद अब मजबूत हो गई है. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

By Priya Gupta | June 1, 2026 8:20 AM

हनवारा से फिरोज आलम की रिपोर्ट 

Godda News : झारखंड के गोड्डा जिले के महागामा प्रखंड के विश्वासखानी गांव को शुद्ध पेयजल प्लांट लगाने के लिए चुना गया है. इस खबर से पूरे गांव में खुशी का माहौल है. गोड्डा लोकसभा क्षेत्र में लगभग तीन लाख लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की महत्वाकांक्षी योजना के तहत विश्वासखानी का नाम शामिल होने के बाद ग्रामीणों ने इसे क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताया है. ग्रामीणों का कहना है कि गांव में वर्षों से शुद्ध पेयजल की समस्या बनी हुई है. कई परिवार आज भी चापाकल और अन्य जलस्रोतों पर निर्भर हैं, जहां गर्मी के मौसम में पानी की किल्लत बढ़ जाती है. कई बार खराब पानी के कारण लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का भी सामना करना पड़ता है. ऐसे में गांव में शुद्ध पेयजल प्लांट लगने से लोगों को स्वच्छ और सुरक्षित पानी आसानी से उपलब्ध हो सकेगा.

पेयजल प्लांट से ग्रामीणों को राहत

ग्रामीणों ने बताया कि पेयजल प्लांट स्थापित होने से न केवल गांव के लोगों को लाभ मिलेगा, बल्कि आसपास के क्षेत्रों के लोग भी इसका फायदा उठा सकेंगे. महिलाओं और बच्चों को पानी के लिए दूर-दूर तक भटकना नहीं पड़ेगा. इससे समय की बचत होने के साथ-साथ लोगों के स्वास्थ्य में भी सुधार आएगा.

ग्रामीणों ने की सराहना, योजना से जीवन स्तर सुधार की उम्मीद

स्थानीय ग्रामीणों ने सांसद डॉ. निशिकांत दुबे और  DIVI फाउंडेशन के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि यह योजना ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी. ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि जल्द ही प्लांट निर्माण कार्य शुरू होगा और लोगों को शुद्ध पेयजल की सुविधा मिलने लगेगी.

शुद्ध पेयजल से स्वास्थ्य सुधार की उम्मीद

गांव के बुजुर्गों का कहना है कि यदि योजना समय पर धरातल पर उतरती है तो यह विश्वासखानी के लिए किसी बड़ी सौगात से कम नहीं होगी. शुद्ध पेयजल की उपलब्धता से जलजनित बीमारियों में कमी आएगी और लोगों का जीवन अधिक सुरक्षित और स्वस्थ बन सकेगा.

यह भी पढ़ें: HDFC और SBI कार्ड ब्लॉक होने का झांसा देकर उड़ाते थे पैसे, जामताड़ा से 3 साइबर अपराधी गिरफ्तारी

यह भी पढ़ें: बोकारो: पड़ोसियों के साथ खूनी संघर्ष मामले में 6 आरोपी गिरफ्तार, मारपीट में महिला की हो गई थी मौत