गढ़वा में नाबालिग से दुष्कर्म का प्रयास करने वाला आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार, भेजा गया जेल

Garhwa News: गढ़वा के रमकंडा के दाहो गांव में नाबालिग से दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने तेजी दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें. 

By Sweta Vaidya | April 16, 2026 12:56 PM

रमकंडा से मुकेश तिवारी की रिपोर्ट 

Garhwa News: झारखंड के गढ़वा जिले के रमकंडा थाना क्षेत्र के दाहो गांव में एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म के प्रयास का सनसनीखेज मामला सामने आया है. हालांकि, पुलिस ने फुर्ती दिखाते हुए घटना के महज 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. 

घर में अकेली थी नाबालिग 

जानकारी के अनुसार, घटना उस समय घटी जब नाबालिग अपने घर में अकेली थी. पीड़िता को अकेला पाकर आरोपी अंकुश भुइयां चुपके से घर में घुस गया और उसके साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया. इसी बीच पीड़िता की मां अचानक घर पहुंच गई, जिसे देख आरोपी पकड़े जाने के डर से मौके से फरार हो गया.

घटना के बाद दर्ज कराई गई शिकायत 

घटना के बाद सहमी हुई पीड़िता ने परिजनों को आपबीती सुनाई, जिसके बाद मामले की लिखित शिकायत रमकंडा थाने में दर्ज कराई गई. रमकंडा पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत छापेमारी शुरू की. थाना प्रभारी मुकेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी और स्थानीय सूचना के आधार पर फरार आरोपी अंकुश भुइयां को 24 घंटे के अंदर दबोच लिया. 

लगातार ठिकाने बदल रहा था आरोपी 

थाना प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी दाहो गांव का रहने वाला है. घटना के बाद वह पुलिस से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था, लेकिन पुलिस ने उसे धर दबोचा. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. पुलिस मामले की आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में जुटी है.

यह भी पढ़ें: चक्रधरपुर मां पाउड़ी मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, भक्तों ने आग और कांटों पर चलकर दी भक्ति की परीक्षा

यह भी पढ़ें: CBSE 10th Result: चतरा की संचित कुमारी बनी स्कूल टॉपर, 93.80 अंक हासिल