पांच मिनट में घाटशिला एसडीओ ने पकड़े दो अवैध बालू लदे ट्रैक्टर, पुलिस को सौंपा

Chakulia Sand Tractor Seized: झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला में एसडीओ अमिताभ भगत ने चाकुलिया में अवैध बालू लदे ट्रैक्टर को पकड़ा. एसडीओ ने क्षेत्र में लगातार छापेमारी के निर्देश दिए. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें. 

By Sweta Vaidya | June 26, 2026 8:16 AM

चाकुलिया से राकेश सिंह की रिपोर्ट

Chakulia Sand Tractor Seized: घाटशिला अनुमंडल पदाधिकारी अमिताभ भगत गुरुवार को चाकुलिया पहुंचे. चाकुलिया से जुगीतोपा जाने के दौरान मिस्त्रीपाड़ा में उन्होंने दो बालू लदे ट्रैक्टर को पकड़ा. ट्रैक्टर ड्राइवर द्वारा बालू से संबंधित किसी भी तरह का दस्तावेज नहीं दिखाया गया. जिसके बाद उन्होंने अंचल अधिकारी को सूचित कर ट्रैक्टर चाकुलिया पुलिस को सौंपने का निर्देश दिया. 

बाजार भ्रमण के दौरान पकड़े गए ट्रैक्टर 

एसडीओ अमिताभ भगत ने नाराजगी जताते हुए कहा कि बालू लदे ट्रैक्टरों का धड़ल्ले से खुलेआम चलना प्रशासन की नाकामी है. उन्होंने कहा कि जब 5 मिनट के बाजार भ्रमण में उन्हें दो अवैध बालू लदे ट्रैक्टर मिल गए. इससे यह साबित होता है कि क्षेत्र में दिन भर बालू लदे ट्रैक्टरों का संचालन किया जा रहा है. 

अंचल अधिकारी को लगातार छापेमारी के निर्देश 

एसडीओ अमिताभ भगत ने अंचल अधिकारी को क्षेत्र में लगातार छापामारी अभियान चलाने का निर्देश दिया. अंचल अधिकारी नवीन पूर्ति ने जब्त किए गए दोनों बालू लदे ट्रैक्टरों को चाकुलिया थाना को सौंप दिया. दोनों ट्रैक्टरों के चालक को थाने में बिठाकर रखा गया है. बालू लदे दोनों ट्रैक्टरों का रजिस्ट्रेशन नंबर अंकित नहीं है. 

एनजीटी प्रतिबंध के बावजूद जारी है बालू ढुलाई 

बालू खनन पर एनजीटी (नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल) द्वारा हर साल 10 जून से 15 अक्टूबर तक मॉनसून के दौरान बालू घाटों से खनन पर पूर्ण प्रतिबंध लागू होता है. यह रोक इसलिए लगाई जाती है क्योंकि इस अवधि में नदियों के बालू घाटों पर मछलियों और जलीय जीवों का प्रजनन  का समय होता है. एनजीटी लागू होने के बावजूद चाकुलिया में धड़ल्ले से ट्रैक्टरों के द्वारा बालू की ढुलाई की जा रही है. हाल ही में क्षेत्र के लोकप्रिय अखबार प्रभात खबर में इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया. जिसमें चाकुलिया बाजार की मुख्य सड़कों पर दिनदहाड़े बालू लदे ट्रैक्टरों के धड़ल्ले से चलने की सूचना दी गई थी.

यह भी पढ़ें: उत्तरी छोटानागपुर के 7 जिलों में 3 साल से जमे शिक्षाकर्मियों का होगा ट्रांसफर, 27 जून को बैठक

यह भी पढ़ें: रांची के शिक्षाविद अभय कुमार मिश्रा को अग्रिम जमानत, हाईकोर्ट ने तीन सप्ताह में सरेंडर करने का दिया निर्देश

यह भी पढ़ें: धनबाद, खरसावां और नोवामुंडी में 28 जून से शुरू होगा पल्स पोलियो अभियान, लाखों बच्चों को पिलाई जाएगी जीवनरक्षक खुराक