Dumka News: आईटीआई सापचाला हॉस्टल में फूड पॉइजनिंग की आशंका, 21 छात्राओं की बिगड़ी तबीयत

Dumka News: मसलिया के आईटीआई सापचाला छात्रावास में भोजन के बाद 21 छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई. फूड पॉइजनिंग की आशंका के बीच 15 छात्राओं का अस्पताल में इलाज चल रहा है. पूरी खबर नीचे पढ़ें...

By AmleshNandan Sinha | July 5, 2026 5:15 AM

मसलिया से मिलन साधु की रिपोर्ट
Dumka News(मसलिया): दुमका जिले के मसलिया थाना क्षेत्र स्थित आईटीआई सापचाला के छात्रावास में शुक्रवार रात भोजन करने के बाद 21 छात्राओं की तबीयत अचानक बिगड़ गई. सभी छात्राएं कौशल विकास कार्यक्रम के तहत विभिन्न ट्रेडों का आवासीय प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं. घटना के बाद छात्रावास में अफरा-तफरी मच गई. छात्राओं को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मसलिया पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.

भोजन के बाद उल्टी, चक्कर और बेहोशी की शिकायत

जानकारी के अनुसार, छात्राओं ने रात के भोजन में भात, दाल और सब्जी खाई थी. भोजन के कुछ ही देर बाद कई छात्राओं को उल्टी, चक्कर और बेहोशी जैसी शिकायतें होने लगीं. इसके बाद संस्थान प्रबंधन ने तत्काल अपने वाहन से कुछ छात्राओं को अस्पताल पहुंचाया. सूचना मिलने पर एंबुलेंस भी मौके पर पहुंची और अन्य छात्राओं को भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया.

15 छात्राएं अस्पताल में भर्ती, सात की हालत गंभीर

अस्पताल में करीब 15 छात्राओं का इलाज चल रहा है. इनमें सात छात्राओं की स्थिति अपेक्षाकृत गंभीर बताई जा रही है. वहीं, स्वास्थ्य विभाग की टीम आईटीआई सापचाला पहुंचकर शिविर लगाकर अन्य छात्राओं की स्वास्थ्य जांच, उपचार और आवश्यक दवाएं उपलब्ध करा रही है.

छात्रा ने दाल में छिपकली होने की जताई आशंका

एमएसटी ट्रेड की छात्रा अनामिका सोरेन ने बताया कि उन्हें आशंका है कि दाल में छिपकली गिर गई थी और वही भोजन छात्राओं को परोस दिया गया. उनका कहना है कि भोजन करने के बाद कई छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई. हालांकि, इस दावे की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं.

स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर डटी

घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम आईटीआई सापचाला पहुंची. डॉ. विकास कुमार, डॉ. दुर्गेश कुमार, एएनएम संजू कुमारी, बुबाई नंदी, ज्ञान प्रकाश यादव और मुख्तार हेम्ब्रम सहित स्वास्थ्यकर्मी छात्राओं के उपचार और निगरानी में जुटे रहे. स्वास्थ्य विभाग ने छात्राओं की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखी है.

ये भी पढ़ें…

ब्रिक्स मंच पर चमकेगा दुमका का जीआई टैग प्राप्त डोकरा शिल्प, कोच्चि में होगा प्रदर्शन

किन्नर बनाने का झांसा देकर जबरन ऑपरेशन कराने का आरोप, माही किन्नर ने खुद को बताया निर्दोष