Dhanbad: पोषण सखियों ने विधायक अरुप चटर्जी के सामने किया प्रदर्शन, 3 सूत्री मांग पत्र सौंपा

Dhanbad: धनबाद में पोषण सखियों ने विधायक अरूप चटर्जी के समक्ष प्रदर्शन कर अपनी 3 सूत्री मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा. प्रदर्शनकारियों ने सरकार से लंबित मांगों का जल्द समाधान करने और उनकी समस्याओं पर गंभीरता से विचार करने की मांग की. पूरी खबर नीचे पढ़ें...

By AmleshNandan Sinha | June 27, 2026 5:54 PM

Dhanbad (निरसा): धनबाद जिले के सैकड़ों पोषण सखी अपनी तीन सूत्री मांगों को लेकर विधायक अरुप चटर्जी का घेराव व प्रदर्शन किया. साथ ही कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया. इसके बाद विधायक श्री चटर्जी को मांग पत्र सौंपा गया. इस दौरान झारखंड राज्य एकीकृत पोषण सखी संघ के प्रदेश कमेटी के सदस्य, जिला कमेटी व निरसा प्रखंड कमेटी के सदस्य संयुक्त रूप से शामिल थे. पोषण सखी ने सर्वसम्मति से एक स्वर में विधायक के समक्ष अपने तीन सूत्री मांगों को पूरा करने के लिए नारे लगाए.

मानदेय बढ़ोतरी है मुख्य मांग

संघ के सदस्यों ने मुख्यमंत्री के नाम विधायक श्री चटर्जी को ज्ञापन सौपा. मांगों में पोषण सखियों की मानदेय में वृद्धि, पहचान स्वरूप एक ड्रेस कोड लागू करने व सेविका के चयन में पोषण सखियों को प्राथमिकता देने सहित अन्य मांगें शामिल हैं. कहा गया कि जब तक मानदेय में वृद्धि नहीं की जाती है, तब तक सभी पोषण सखियों को मुख्यमंत्री मंईंया सम्मान योजना से जोड़ा जाए.

विधायक ने मुख्यमंत्री के सामने बात रखने का दिया आश्वासन

विधायक श्री चटर्जी ने मांगों को गंभीरता पूर्वक लेते हुए कहा कि बहुत जल्द रांची जाएंगे और समिति के अध्यक्ष होने के नाते आप लोगों की बातों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखेंगे और पूरा करवाएंगे. आप लोग निश्चिंत रहिए. मौके पर प्रदेश अध्यक्ष अंजनी पासवान, प्रदेश महामंत्री पार्वती सोरेन, प्रदेश संरक्षक सोनी पासवान, जिला अध्यक्ष डिंपल चौबे, जिला सचिव रक्षा कुमारी, प्रखंड अध्यक्ष अंजू गुप्ता, क्षमा मंडल, हीरामणि टुडू व अन्य शामिल थे.

ये भी पढ़ें…

धनबाद : सोनारडीह में केबल चोरों का आतंक, विरोध करने पर BCCL कर्मी को मारी गोली

‘हमें हमारा गणेश लौटा दें’, तारातला हादसे में जान गंवाने वाले मजदूर का शव पहुंचा धनबाद