धनबाद: दो बीवियों के बीच शॉपिंग को लेकर हुआ विवाद, अगले दिन भाजपा नेता की मिली लाश 

Dhanbad News: धनबाद के गोविंदपुर में भाजपा नेता अमृत दास की रहस्यमयी मौत ने इलाके में हलचल मचा दी है, जहां पारिवारिक कलह और आरोपों के बीच मामला और उलझता नजर आ रहा है. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

By Priya Gupta | May 2, 2026 12:25 PM

धनबाद से प्रतीक पोपट की रिपोर्ट 

Dhanbad News: झारखंड के धनबाद जिले के गोविंदपुर क्षेत्र से शुक्रवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां भाजपा एससी मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष अमृत दास की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना गोविंदपुर थाना क्षेत्र के उपर बाजार की है, जहां उनका शव घर के अंदर मिला. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. 

परिजनों का गंभीर आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग 

मृतक के परिजनों ने इस मामले में गंभीर आरोप लगाए हैं. मां और बहन का कहना है कि अमृत दास की शादी दो सगी बहनों से हुई थी और दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था. परिजनों का आरोप है कि दोनों पत्नियों ने मिलकर अमृत दास की हत्या की है. परिवार ने इस मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. 

घटना से पहले विवाद की बात, इलाके में सनसनी 

स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना से एक दिन पहले अमृत दास अपनी दूसरी पत्नी को शॉपिंग कराने ले गए थे. इसी बात को लेकर घर में विवाद बढ़ गया था. इसके बाद अचानक उनकी मौत की खबर सामने आई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और तरह-तरह की बातें शुरू हो गई. 

पुलिस जांच जारी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार 

वहीं, गोविंदपुर थाना प्रभारी विष्णु प्रसाद रावत ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है.उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है. 

यह भी पढ़ें: दहशत फैलाने वाले उग्रवादी सलाखों के पीछे: ईरबा के पास रांची पुलिस ने खदेड़कर दबोचा, हथियार और सिम बरामद

यह भी पढ़ें: साहिबगंज में शक के नशे में पति बना ‘जल्लाद’, नुकीले तीर जैसे रॉड से पत्नी को गोदकर मार डाला!