सेल और डालमिया प्लांट में घुसे जंगली हाथी, जान बचाकर भागे कर्मचारी, मचा हड़कंप

Chaibasa News: चाईबासा में जंगली हाथियों का झुंड सेल और डालमिया के प्लांट परिसर में घुस गया. हाथियों को देखते ही कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई और सभी सुरक्षित स्थानों की ओर भागे. वन विभाग की टीम ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. पूरी खबर नीचे पढ़ें...

By AmleshNandan Sinha | July 1, 2026 7:41 PM

Chaibasa News: सेल की किरीबुरू और मेघाहातुबुरु क्षेत्र में पिछले दो दिनों से जंगली हाथियों की लगातार बढ़ती गतिविधियों ने आम लोगों, ग्रामीणों और सेल कर्मियों की चिंता बढ़ा दी है. हाथियों के रिहायशी एवं औद्योगिक क्षेत्रों में प्रवेश से पूरे इलाके में भय का माहौल है. 29 जून की रात करीब 11 बजे एक हाथी किरीबुरू-हिलटॉप मुख्य मार्ग पार कर मेघाहातुबुरु खदान के मैकेनिकल शॉवेल सेक्शन में पहुंच गया, जिससे कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गयी. हाथी कुछ देर बाद जंगल की ओर लौट गया. 30 जून की सुबह उसे पुराने मैगजीन हाउस के पास देखा गया.

डालमिया प्लांट और खदान क्षेत्र में भी घुसे हाथी

इसी दिन दोपहर करीब 12 बजे दूसरा दत्तेल हाथी किरीबुरू खदान के हिलटॉप स्थित डालमिया पानी फिल्टर प्लांट परिसर में घुस गया, जिससे मजदूरों में भगदड़ मच गयी. इससे पहले हाथी ने जंगल किनारे बकरी चरा रही महिला को दौड़ा दिया, जो गिरने के बावजूद सुरक्षित बच निकली. वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर ड्रोन की मदद से हाथियों की लोकेशन ट्रैक करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है.

सारंडा में भोजन-पानी की कमी से बढ़ रही समस्या

विशेषज्ञों के अनुसार सारंडा के जंगलों में भोजन और पानी की कमी के कारण हाथी आबादी और औद्योगिक क्षेत्रों की ओर बढ़ रहे हैं. समय रहते प्रभावी प्रबंधन नहीं होने पर मानव-हाथी संघर्ष और बढ़ने की आशंका जतायी जा रही है.

ये भी पढ़ें…

चक्रधरपुर रेल मंडल में जुलाई से नवंबर तक मरम्मत कार्य, 16 एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द; दो के बदले मार्ग

चक्रधरपुर में डिस्ट्रिक्ट लेवल ताइक्वांडो प्रतियोगिता आयोजित, 100 से अधिक खिलाड़ियों ने दिखाया दम