Chaibasa News : शाह स्पोर्ट्स क्रिकेट अकादमी ने जीता खिताब

दिवंगत अमरनाथ अग्रवाल स्मृति जिला लीग का सफलतापूर्ण समापन

By ATUL PATHAK | February 8, 2026 11:58 PM

चक्रधरपुर. पश्चिमी सिंहभूम जिले में क्रिकेट के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया, जब जिले की पहली जिला क्रिकेट लीग का आयोजन स्वर्गीय अमरनाथ अग्रवाल की स्मृति में किया गया. यह लीग न केवल खिलाड़ियों के लिए बड़ा मंच साबित हुई, बल्कि जिले में क्रिकेट को संगठित रूप देने की दिशा में भी एक ऐतिहासिक पहल रही.प्रतियोगिता में जिले की कुल आठ टीमों ने भाग लिया. टूर्नामेंट दो पूल सिस्टम के तहत खेला गया, जिसमें सभी टीमों ने लीग आधार पर मुकाबले खेले. कड़े और रोमांचक मैचों के बाद चार टीमों ने फाइनल चरण के लिए क्वालिफाई किया, जिनमें से अंततः दो टीमें फाइनल मुकाबले तक पहुंचने में सफल रहीं.

फाइनल मुकाबले में शाह स्पोर्ट्स का दबदबा

फाइनल मैच दर्शकों के लिए रोमांचक साबित हुआ. शाह स्पोट् र्स क्रिकेट एकेडमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने प्रतिद्वंद्वी फ्यूचर क्रिकेट क्लब को हराकर विजेता का खिताब अपने नाम किया. फ्यूचर क्रिकेट क्लब ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल दिखाया और उपविजेता (रनर-अप) का स्थान हासिल किया. इसके अलावा, नारायण अग्रवाल, गुड्डू सिंह, एसएच रहमान, अजय नायक, प्रशांति शाह, लाला पप्पू और चुन्नू का सराहनीय योगदान रहा.