Chaibasa News : 950 लीटर देसी शराब नष्ट

भारी मात्रा में शराब और जावा महुआ बरामद

By ATUL PATHAK | February 21, 2026 11:21 PM

जैंतगढ़. चंपुआ आबकारी विभाग और जगन्नाथपुर पुलिस की संयुक्त छापेमारी कर क्षेत्र में हड़कंप मच गया. चंपुआ आबकारी की टीम ने जगन्नाथपुर पुलिस के सहयोग से जैंतगढ़ क्षेत्र के गुटसही, बरुसही और खूंटियापदा में सघन अभियान चलाया. छापेमारी के दौरान वैतरणी नदी और कांगीरा नदी किनारे संचालित दर्जनों अवैध भट्ठियों को तोड़ दिया गया. शराब बनाने में प्रयुक्त यंत्र और बर्तनों को भी मौके पर ही नष्ट कर दिया गया. अभियान में कुल 950 लीटर देसी शराब और लगभग 12 क्विंटल जावा महुआ बरामद किया गया, जिसे जब्त कर नष्ट कर दिया गया. कार्रवाई की भनक लगते ही शराब माफिया और अवैध शराब निर्माता अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए.

ओडिशा में होती है तस्करी

जानकारी के अनुसार, चंपुआ थाना क्षेत्र में जैंतगढ़ और आसपास के इलाकों में अवैध रूप से निर्मित देसी शराब की बड़े पैमाने पर तस्करी की जाती है. वैतरणी और कांगीरा नदी पार कर चंपुआ क्षेत्र में भारी मात्रा में शराब की आपूर्ति की जाती है. बरुसही, गुटसही, खूंटियापदा, बारला, बांसकांटा, तुरली, दलपोसी और मंडल क्षेत्र से अवैध शराब ओडिशा में खपायी जाती है. इसी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चंपुआ आबकारी विभाग ने जगन्नाथपुर पुलिस के साथ मिलकर यह संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया. अधिकारियों ने संकेत दिया है कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी.