Chaibasa News : तीसरे दिन चक्रधरपुर में 138 रनिंग स्टाफ ने डाले वोट

चक्रधरपुर के एक पोलिंग बूथ में हुआ 64.44 प्रतिशत मतदान, 12 दिसंबर को 5 स्ट्रांग रूम में मतों की गिनती होगी

By Prabhat Khabar News Desk | December 6, 2024 11:21 PM

चक्रधरपुर. रेलवे में मान्यता प्राप्ति के लिए रेलवे ट्रेड यूनियन चुनाव के तीसरे व अंतिम दिन चक्रधरपुर रेल मंडल के रनिंग स्टाफ ने वोट डाले. शुक्रवार सुबह 6 बजे से शाम 8 बजे तक चक्रधरपुर रेल मंडल के 11 निर्वाचन क्षेत्र झारसुगुड़ा, लाइकेरा, बंडामुंडा, राउरकेला, मनोहरपुर, चक्रधरपुर, सीनी, आदित्यपुर, डांगुवापोसी, टाटानगर व बांसपानी के एक-एक पोलिंग बूथ में रनिंग स्टाफ के लिए मतदान कराया गया. इसमें 75 प्रतिशत से अधिक वोटिंग हुई.

चक्रधरपुर के पोलिंग बूथ संख्या-13 में तीसरे दिन कुल 138 रनिंग स्टाफ ने वोट डाले. इस बूथ में कुल 64.44 प्रतिशत वोटिंग हुई. चक्रधरपुर के बूथ संख्या-13 में कुल मतदाता 1319 है, 807 मतदाताओं ने वोट डाले हैं. शुक्रवार को चक्रधरपुर में रनिंग स्टाफ को छोड़ कर किसी भी अन्य कर्मचारी ने मतदान नहीं किया. अंतिम दिन भी रेलवे यूनियनों के एजेंटों ने सक्रिय भूमिका निभायी. वोटिंग के बाद मतपोटियों को सील कर स्ट्रांग रूम में रखा गया. 12 दिसंबर को 5 स्ट्रांग रूम में मतगणना होगी. इसके बाद चुनाव परिणाम की घोषणा की जायेगी.

अंतिम रेलवे ट्रेड यूनियन चुनाव वर्ष 2013 में हुआ था

मालूम रहे कि वर्ष 2013 में रेलवे ट्रेड यूनियन की मान्यता के लिए चुनाव हुआ था. इसमें मेंस कांग्रेस व मेंस यूनियन दोनों ट्रेड यूनियनों ने दक्षिण पूर्व रेलवे में परचम लहराया था. वर्ष 2013 के चुनाव में 5 ट्रेड यूनियन चुनाव मैदान में थी. इसमें दपू रेलवे मेंस कांग्रेस को दपू रेलवे जोन में 45.91 प्रतिशत व दपू रेलवे मेंस यूनियन को 42.20 प्रतिशत वोट मिले थे. दोनों यूनियनों ने सर्वाधिक वोट प्राप्त किये थे. यह चुनाव 11 साल के बाद हुआ. इस चुनाव में 6 यूनियन चुनावी मैदान में हैं. पहले से चुनावी समीकरण काफी बदल गया है. इससे रेलवे यूनियनों को 35 प्रतिशत वोट प्राप्त करना आसान नहीं होगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है