निर्मली (सुपौल) से भागवत कुमार की रिपोर्ट
Nirmali School Heatwave: नगर पंचायत निर्मली स्थित कन्या मध्य विद्यालय में शनिवार को वर्ग संचालन के दौरान भीषण गर्मी और उमस का असर बच्चों के स्वास्थ्य पर देखने को मिला. तेज गर्मी के कारण चार स्कूली बच्चों की अचानक तबीयत बिगड़ गई. घटना के बाद विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चारों बच्चे अचानक लड़खड़ाकर जमीन पर गिर पड़े. इसके बाद शिक्षकों और विद्यालय कर्मियों ने तत्काल उन्हें पास के एक निजी क्लिनिक में इलाज के लिए पहुंचाया.
तीन बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद मिली छुट्टी
प्राथमिक उपचार के बाद तीन बच्चों की हालत सामान्य होने पर उन्हें घर भेज दिया गया. वहीं एक छात्रा की तबीयत अधिक बिगड़ने पर उसे निर्मली स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में ऑक्सीजन सपोर्ट पर उसका इलाज चल रहा है.
छात्रा की हालत स्थिर, घबराने की जरूरत नहीं
विद्यालय के प्रधानाध्यापक बद्री नारायण वर्मा ने बताया कि भीषण गर्मी के कारण चार बच्चों की तबीयत बिगड़ी थी. इनमें तीन बच्चे पूरी तरह स्वस्थ हैं, जबकि एक छात्रा का इलाज जारी है. उन्होंने कहा कि छात्रा की स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है और घबराने जैसी कोई बात नहीं है.
डॉक्टर बोले- समय पर इलाज से स्थिति नियंत्रित
बालाजी नर्सिंग होम के चिकित्सक ने बताया कि इलाजरत छात्रा अब खतरे से बाहर है. एहतियात के तौर पर उसे ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है और उसकी हालत स्थिर बनी हुई है. समय पर उपचार मिलने से स्थिति नियंत्रित कर ली गई.
विद्यालय ने बरतने की अपील की सावधानी
घटना के बाद विद्यालय प्रबंधन ने बच्चों को पर्याप्त पानी पीने, धूप से बचने और भीषण गर्मी के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है. अभिभावकों में भी कुछ देर के लिए चिंता का माहौल रहा, लेकिन सभी बच्चों के खतरे से बाहर होने की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने राहत की सांस ली.
प्रमुख बातें
- निर्मली के कन्या मध्य विद्यालय में गर्मी से चार बच्चों की तबीयत बिगड़ी.
- तीन बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेजा गया.
- एक छात्रा निजी अस्पताल में ऑक्सीजन सपोर्ट पर भर्ती.
- चिकित्सकों ने छात्रा की हालत स्थिर और खतरे से बाहर बताई.
- विद्यालय ने बच्चों को गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी.
और पढ़ें: सरायगढ़ में किराये के मकान से बैंक कर्मी का शव मिलने से हड़कंप, जांच जारी
