सीवान में 24 घंटे में बदल जाएगा मौसम का मिजाज, तेज आंधी-बारिश का अलर्ट

Siwan Weather Update: सीवान में उमस भरी गर्मी से लोग परेशान हैं. मौसम विशेषज्ञों ने अगले 24 घंटे में हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई है.

By Sakshi kumari | June 22, 2026 10:40 AM

सीवान से मनीष गिरी की रिपोर्ट
Siwan Weather Update:
सीवान में मानसून की सुस्त रफ्तार और बढ़ी हुई नमी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. सोमवार को सुबह से ही तेज धूप और उमस भरी गर्मी का असर देखने को मिला. मौसम विभाग से जुड़े विशेषज्ञों का कहना है कि अगले 24 घंटे में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.

लोगों को गर्मी से नहीं मिल रही राहत

बता दें कि, इन दिनों सीवान में मौसम के तल्ख तेवर ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. सोमवार की सुबह तेज धूप के साथ हुई और सुबह 7 बजे ही तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं हवा में नमी की मात्रा 65 प्रतिशत रही. पुरवा हवा करीब 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली, लेकिन इसकी गति कम होने के कारण लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल सकी.

सीवान की खबरें यहां पढ़ें…

सड़कों पर छाया सन्नाटा

उमस भरी गर्मी का असर जनजीवन पर साफ दिखाई दे रहा है. दोपहर के समय सड़कों और बाजारों में सामान्य दिनों की तुलना में कम भीड़ देखने को मिली. लोग बेहद जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं. घरों में चल रहे पंखे और कूलर भी चिपचिपी गर्मी से पूरी राहत देने में असफल नजर आ रहे हैं.

अगले 24 घंटे का मौसम कैसा रहेगा?

मौसम विशेषज्ञ भोलेन्द्र कुमार के अनुसार अगले 24 घंटे में तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं. उन्होंने बताया कि स्थानीय स्तर पर कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. हालांकि अभी व्यापक या भारी बारिश की संभावना नहीं दिखाई दे रही है.

क्या मानसून की गतिविधियां अभी कमजोर हैं?

विशेषज्ञों का कहना है कि जब तक मानसूनी गतिविधियों में तेजी नहीं आती, तब तक उमस भरी गर्मी से पूरी राहत मिलने की संभावना कम है. हालांकि बादलों की आवाजाही और हल्की बूंदाबांदी से तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को कुछ राहत मिल सकती है. उमस भरे मौसम का असर लोगों के स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है. अस्पतालों में सर्द-गर्म, बुखार और पेट संबंधी समस्याओं के मरीजों की संख्या बढ़ रही है. मौसम में बदलाव के कारण डायरिया और अन्य मौसमी बीमारियों के मरीज भी इलाज के लिए अस्पताल पहुंच रहे हैं.

डॉक्टरों ने क्या सलाह दी है?

चिकित्सक डॉ. संजय गिरी ने लोगों को गर्मी के मौसम में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है. उन्होंने कहा कि शरीर में पानी की कमी नहीं होने दें और पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थ का सेवन करें. उन्होंने बासी भोजन और लंबे समय तक फ्रिज में रखी खाद्य सामग्री के सेवन से बचने की सलाह दी. साथ ही धूप में निकलने से पहले पर्याप्त पानी पीने और नींबू पानी, शिकंजी तथा बेल के जूस जैसे पेय पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी.

2 दिनों में बारिश की उम्मीद

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले एक-दो दिनों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी की स्थिति बन सकती है. यदि मानसूनी गतिविधियों में तेजी आती है तो तापमान और उमस से राहत मिलने की संभावना बढ़ जाएगी. फिलहाल लोगों को गर्मी और नमी से बचाव के उपाय अपनाने की जरूरत है.

Also Read: सीवान में मुहर्रम जुलूस में डीजे बैन, हथियार के प्रयोग पर भी रोक, तय रूट से ही निकलेगा ताजिया, प्रशासन सख्त