सूरत की फैक्ट्री में हादसा, सीवान के इकलौते बेटे की इलाज के दौरान मौत

Siwan News: सीवान के नौतन निवासी युवक संदीप गुप्ता की गुजरात के सूरत स्थित कपड़ा फैक्ट्री में गर्म पानी से झुलसने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई. परिवार का इकलौता बेटा होने से घर में मातम पसरा है.

By Vivek Pandey | July 6, 2026 10:45 AM

Siwan News (शिवनाथ पांडेय): सीवान जिले के नौतन थाना क्षेत्र के नौतन बाजार निवासी एक युवक की गुजरात के सूरत स्थित कपड़ा फैक्ट्री में हादसे के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई.

रोजगार के लिए 10 महीने पहले गया था सूरत

मृतक की पहचान संदीप गुप्ता के रूप में हुई है. वह जयप्रकाश गुप्ता के पुत्र थे. परिजनों के अनुसार, संदीप करीब 10 महीने पहले रोजगार की तलाश में गुजरात के सूरत गए थे, जहां वह एक कपड़ा फैक्ट्री में काम कर रहे थे.

गर्म पानी से झुलसने के बाद हुई मौत

परिजनों ने बताया कि फैक्ट्री में काम के दौरान संदीप गर्म पानी की चपेट में आ गए, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गए. उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई.

इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मृतक के पिता जयप्रकाश गुप्ता ने बताया कि उनकी छह बेटियों के बीच संदीप इकलौते पुत्र थे. बेटे की असामयिक मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है. मां और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

शाम तक गांव पहुंचने की उम्मीद

समाचार लिखे जाने तक संदीप का शव गुजरात से सीवान नहीं पहुंचा था. परिजनों ने बताया कि शव को सूरत से लाया जा रहा है और देर शाम तक गांव पहुंचने की संभावना है. पूरे गांव में शोक का माहौल है और लोग परिजनों को सांत्वना देने उनके घर पहुंच रहे हैं.

इसे भी पढ़ें: सीवान में आज कैसा रहेगा मौसम? बारिश और वज्रपात को लेकर अलर्ट