सीवान सदर अस्पताल की सुरक्षा बढ़ी, डॉक्टर-नर्स से मारपीट-तोड़फोड़ के बाद हुआ था हंगामा

Siwan Sadar Hospital : सीवान सदर अस्पताल में सांप के काटने से पांच वर्षीय बच्चे की मौत के बाद परिजनों ने इमरजेंसी वार्ड में हंगामा किया. डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ से मारपीट की गई तथा अस्पताल में तोड़फोड़ की गई. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

By AMARNATH SHARMA | July 3, 2026 12:30 PM

Siwan Sadar Hospital : सीवान सदर अस्पताल परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में गुरुवार रात उस समय अफरातफरी मच गई, जब सांप के काटने से पीड़ित पांच वर्षीय बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो गई. बच्चे की मौत के बाद गुस्साए परिजनों और उनके साथ आए लोगों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया. आरोप है कि भीड़ ने ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ के साथ मारपीट की तथा इमरजेंसी वार्ड में तोड़फोड़ कर कई सरकारी उपकरण क्षतिग्रस्त कर दिए.

घटना स्थल की तस्वीर

घटना के बाद इमरजेंसी वार्ड में दहशत का माहौल बन गया. वहां भर्ती अन्य मरीजों के परिजन भी अपने मरीजों को लेकर निजी अस्पतालों की ओर चले गए. सूचना मिलने के करीब आधे घंटे बाद नगर इंस्पेक्टर अविनाश कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

घटना स्थल की तस्वीर

अस्पताल में तोड़फोड़, कई उपकरण क्षतिग्रस्त

हंगामे के दौरान भीड़ ने सुरक्षा गार्ड का डंडा छीन लिया और इमरजेंसी वार्ड में तोड़फोड़ की. इस दौरान बीपी मशीन, नेबुलाइजर, पंखा समेत कई चिकित्सा उपकरण क्षतिग्रस्त हो गए.

मारपीट की घटना में ड्यूटी पर तैनात डॉ. मुकेश कुमार रंजन, नर्सिंग स्टाफ नेहा सहित कई स्वास्थ्यकर्मी घायल हो गए.

इसे भी पढ़ें: सांप काटने से मासूम की मौत के बाद सीवान सदर अस्पताल में बवाल, डॉक्टर-नर्स से मारपीट, इमरजेंसी वार्ड में तोड़फोड़