सीवान में हाईटेंशन तार हादसा: चार घायलों को मिली अस्पताल से छुट्टी, दो का इलाज जारी

Siwan News: सोमवार की शाम 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार टूटकर सड़क पर गिरने से हुए हादसे में करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए थे.

By Rajeev Kumar | June 16, 2026 10:46 AM

सीवान से अमर नाथ शर्मा की रिपोर्ट
Siwan News: छपरा रोड स्थित अस्पताल मोड़ और बाबुनिया मोड़ के बीच सोमवार की शाम 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार टूटकर सड़क पर गिरने से हुए हादसे में घायल लोगों की स्थिति में सुधार हुआ है. सदर अस्पताल में भर्ती छह घायलों में से चार को मंगलवार को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि दो घायलों का इलाज जारी है. चिकित्सकों के अनुसार दोनों मरीज खतरे से बाहर हैं.

करंट से एक दर्जन घालय हुए थे लोग

गौरतलब है कि सोमवार की शाम व्यस्त बाजार क्षेत्र में अचानक हाईटेंशन तार टूटकर सड़क पर गिर गया था, जिससे अफरा-तफरी मच गई थी. करंट की चपेट में आने से करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए थे, जिनमें गंभीर रूप से झुलसे छह लोगों को तत्काल सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था.

इनलोगों को मिली अस्पता से छुट्टी

मंगलवार को उपचार के बाद नया बाजार निवासी रिंकू अली, हुसैनगंज थाना क्षेत्र के कुतुब छपरा निवासी साजिद अली, सराय थाना क्षेत्र के अतरसुआ निवासी अब्दुल्लाह तथा सदर अस्पताल रोड निवासी खालिद को छुट्टी दे दी गई.

वहीं देवघर निवासी फर्नीचर व्यवसायी नसरूल्लाह और कुतुब छपरा निवासी मो. राजा का इलाज सदर अस्पताल में जारी है. दोनों की स्थिति पहले की अपेक्षा बेहतर बताई जा रही है. नसरूल्लाह के परिजन सूचना मिलने पर देवघर से सीवान पहुंचे.

चिकित्सकों की निगरानी में हो रहा इलाज

सिविल सर्जन डॉ. श्रीनिवास प्रसाद ने बताया कि भर्ती सभी मरीजों की स्थिति स्थिर है और दो मरीज पूरी तरह खतरे से बाहर हैं. चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है.

तारों की नियमित जांच की मांग

इस घटना के बाद शहर में बिजली व्यवस्था और हाईटेंशन तारों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय लोगों ने मांग की है कि व्यस्त बाजारों और घनी आबादी वाले क्षेत्रों से गुजर रहे बिजली के तारों की नियमित जांच और सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.

Also Read : सीवान में चोरी कांड का खुलासा, पुलिस ने 2 महिला समेत 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार