सीतामढ़ी से चंद्र मोहन झा की रिपोर्ट
Sitamarhi Traffic Rules: शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू, सुरक्षित और जाममुक्त बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने एक बड़ा कदम उठाया है. प्रशासन द्वारा शहर में नई ट्रैफिक व्यवस्था लागू की गई है. इसके तहत शहर के कई प्रमुख चौक-चौराहों पर सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक मालवाहक वाहनों और बसों के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है. इसके साथ ही कई प्रमुख मार्गों को वन-वे घोषित किया गया है और शहर के व्यस्ततम इलाकों में नो-पार्किंग जोन बनाए गए हैं.
इन प्रमुख चौराहों पर भारी वाहनों की नो-एंट्री
प्रशासन की नई गाइडलाइन के अनुसार, शहर के व्यस्त रहने वाले भी टू चौक, शंकर चौक, कारगिल चौक, नगर चौक, अंबेडकर चौक और रीगा बांध पर सुबह 9 बजे से लेकर रात 9 बजे तक किसी भी मालवाहक वाहन या बस को प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी. इस फैसले से शहर के भीतर दिन के समय लगने वाले भीषण जाम से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.
ये मार्ग रहेंगे वन-वे और नो-पार्किंग जोन
यातायात को गतिशील बनाए रखने के लिए किरण चौक और जानकी स्थान मार्ग को सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक के लिए वन-वे घोषित किया गया है. इसके अलावा, रेलवे स्टेशन से निकली तीनमुहानी, महंथ साह चौक, जानकी स्थान, जानकी स्थान मुख्य द्वार, एलआईसी ऑफिस-किरण चौक मार्ग, लीची बागान, पानी टंकी, डॉ. जे.के. सिंह क्लिनिक के पास, सदर अस्पताल रोड-2 (बाटा गली व नगर थाना की ओर से) तथा लक्ष्मणदई पुल को पूरी तरह नो-पार्किंग क्षेत्र घोषित कर दिया गया है.
नियम तोड़ने पर लगेगा जुर्माना
ट्रैफिक थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार ने बताया कि नो-पार्किंग क्षेत्र में किसी भी प्रकार का वाहन या ठेला लगाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई और जुर्माना वसूला जाएगा. सभी वाहन चालकों को नगर उद्यान के पास स्थित पार्किंग स्थल में ही अपनी गाड़ियां खड़ी करने की सलाह दी गई है. नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रशासन मुस्तैदी से कार्रवाई करेगा.
ये भी पढ़ें: स्वतंत्रता सेनानियों के गांव का स्कूल बना मॉडल, मेधा छात्रवृत्ति से लेकर स्वच्छता में पाया पहला मुकाम
