AIIMS Patna Digital Payment : एम्स पटना ने डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देते हुए पंजीकरण और बिलिंग काउंटरों पर कैशलेस भुगतान सुविधा शुरू कर दी है. नई व्यवस्था के तहत मरीज और उनके परिजन अब डिजिटल माध्यम से आसानी और सुरक्षित तरीके से भुगतान कर सकेंगे.
ग्राउंड फ्लोर, फर्स्ट फ्लोर और ट्रॉमा वार्ड में सुविधा शुरू
एम्स प्रशासन के अनुसार यह सुविधा फिलहाल ग्राउंड फ्लोर, फर्स्ट फ्लोर और इमरजेंसी ट्रॉमा वार्ड के कैश काउंटरों पर उपलब्ध कराई गई है. आने वाले समय में इसे अस्पताल के अन्य काउंटरों तक भी विस्तारित करने की योजना है.
डिजिटल इंडिया अभियान के अनुरूप पहल
एम्स प्रशासन ने बताया कि यह पहल कार्यकारी निदेशक के मार्गदर्शन में शुरू की गई है. इसका उद्देश्य डिजिटल इंडिया अभियान को बढ़ावा देने के साथ अस्पताल की सेवाओं को अधिक आधुनिक, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाना है.
लंबी कतारों से मिलेगी राहत
प्रशासन के अनुसार कैशलेस भुगतान प्रणाली लागू होने से भुगतान प्रक्रिया तेज, सुरक्षित और पारदर्शी होगी. इससे मरीजों और उनके परिजनों को लंबी कतारों में इंतजार करने से राहत मिलेगी, वहीं अस्पताल की कार्यक्षमता में भी सुधार होगा.
इसे भी पढ़ें : आरा में केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर AISA का प्रदर्शन, पेपर लीक के विरोध में रखा सामूहिक उपवास
