पैसेंजर ट्रेन की बोगी में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

मुंगेर के जमालपुर स्टेशन पर सोमवार को जमालपुर-सहरसा पैसेंजर ट्रेन की बोगी से एक करीब 45 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया गया. जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक की पहचान के लिए अगले 72 घंटों तक शव को सुरक्षित रखा गया है.

By Divyanshu Prashant | May 11, 2026 1:58 PM

मुंगेर से वीरेंद्र कुमार सिंह की रिपोर्ट: मुंगेर-जमालपुर रेलखंड पर सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब जमालपुर-सहरसा पैसेंजर ट्रेन की एक बोगी से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ. ट्रेन में शव मिलने की खबर फैलते ही यात्रियों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति पैदा हो गई, जिसके बाद मामले की सूचना तुरंत रेल पुलिस (जीआरपी) को दी गई.

संदीग्धावस्था में पड़ा मिला 45 वर्षीय व्यक्ति

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जमालपुर रेलवे स्टेशन पर खड़ी गाड़ी संख्या 63388 जमालपुर-सहरसा पैसेंजर ट्रेन में यात्री जब सवार हो रहे थे, तभी उनकी नजर एक बोगी में संदिग्ध अवस्था में पड़े एक व्यक्ति पर पड़ी. पास जाकर देखने और टटोलने पर पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है. इसके बाद यात्रियों ने शोर मचाया और जमालपुर जीआरपी थाने को इसकी जानकारी दी.

नहीं हो सकी मृतक की पहचान

सूचना मिलते ही जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर छानबीन शुरू की. मृतक की उम्र लगभग 45 से 50 वर्ष के बीच बताई जा रही है. मृतक ने शरीर पर लुंगी और गमछा धारण कर रखा था. पुलिस ने उसकी तलाशी ली, लेकिन उसके पास से पहचान से संबंधित कोई दस्तावेज या सामान बरामद नहीं हुआ, जिससे उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है.

72 घंटे के लिए सुरक्षित रखा गया शव

जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जमालपुर सदर अस्पताल भेज दिया है. मौके पर मौजूद जीआरपी के सिपाही पवन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शव फिलहाल अज्ञात है. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियमानुसार शव को अगले 72 घंटों के लिए सुरक्षित रखा गया है, ताकि इस दौरान उसके परिजनों या पहचान करने वाले लोगों से संपर्क हो सके. पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है कि व्यक्ति की मौत स्वाभाविक थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण है.