तारापुर थाना के सामने सड़क पर गड्ढा, हर दिन हादसे का खतरा, ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
Munger News : मुंगेर के तारापुर थाना के ठीक सामने एसएच-22 पर बना बड़ा गड्ढा राहगीरों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई शिकायतों के बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई है.
तारापुर (मुंगेर) से संजय वर्मा की रिपोर्ट
Munger News : मुंगेर जिले के तारापुर में सुलतानगंज-देवघर मुख्य पथ (एसएच-22) पर तारापुर थाना के सामने बना विशाल गड्ढा राहगीरों और वाहन चालकों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों वाहन गुजरते हैं, लेकिन लंबे समय से सड़क की मरम्मत नहीं होने के कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है.
थाना के सामने बना गड्ढा बना जानलेवा
तारापुर थाना के ठीक सामने मुख्य सड़क पर बना गहरा गड्ढा खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए बेहद खतरनाक साबित हो रहा है. ग्रामीणों के अनुसार रात के समय गड्ढा दिखाई नहीं देने से बाइक सवार और छोटे वाहन चालक अक्सर दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं.
कांवड़ यात्रियों की बढ़ी परेशानी
यह सड़क सुलतानगंज से देवघर जाने वाले श्रद्धालुओं का प्रमुख मार्ग है. श्रावणी यात्रा सहित पूरे वर्ष बड़ी संख्या में कांवड़िये और अन्य यात्री इसी मार्ग का उपयोग करते हैं. ऐसे में सड़क की बदहाल स्थिति श्रद्धालुओं और आम लोगों दोनों के लिए जोखिम पैदा कर रही है.
प्रशासन की अनदेखी पर लोगों में नाराजगी
Munger News : स्थानीय लोगों का कहना है कि तारापुर थाना के सामने होने के बावजूद इस गड्ढे की मरम्मत की दिशा में अब तक कोई पहल नहीं की गई है. उनका कहना है कि पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के वाहन भी प्रतिदिन इसी रास्ते से गुजरते हैं, फिर भी समस्या जस की तस बनी हुई है.
मरम्मत नहीं हुई तो होगा आंदोलन
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो वे मुख्य मार्ग जाम कर प्रदर्शन करेंगे. लोगों ने राज्य लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) से तत्काल गड्ढे की मरम्मत कर सड़क को सुरक्षित बनाने की मांग की है.
ALSO READ: सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ युवक का वीडियो वायरल, पुलिस बोली- जांच के बाद होगी कार्रवाई
