पाकिस्तानी गैंगस्टर के संपर्क में रहने वाला मुंगेर के तारापुर का युवक गिरफ्तार
मुंगेर पुलिस ने पाकिस्तानी गैंगस्टर के संपर्क में रहकर देश विरोधी साजिश रचने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपित के पास से एक देसी पिस्टल, एक खाली मैगजीन और एक मोबाइल फोन बरामद किया है.
तारापुर (मुंगेर) से संजय वर्मा की रिपोर्ट
Munger News : मुंगेर जिले की तारापुर थाना पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए पाकिस्तानी गैंगस्टर के संपर्क में रहकर देश विरोधी साजिश रचने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपित के पास से एक देसी पिस्टल, एक खाली मैगजीन और एक मोबाइल फोन बरामद किया है. इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. पुलिस ने नेटवर्क को खंगालने के लिए केंद्रीय व राज्य स्तरीय जांच एजेंसियों से संपर्क साधा है.
गुप्त सूचना पर आधी रात को छापेमारी
एसडीपीओ कुमार देवेंद्र ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मिलकी खानपुर निवासी मोहम्मद सद्दाम (पिता, मोहम्मद शमशेर) सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के जरिये बिहार एटीएस के एक मामले में नामजद पाकिस्तानी गैंगस्टर राणा हुसैन उर्फ ‘राना भाई’ के संपर्क में है.
सूचना की पुष्टि होने के बाद थानाध्यक्ष राजकुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सद्दाम के घर पर छापेमारी की. पुलिस को देखकर आरोपित ने भागने की कोशिश की और घर के शौचालय की छत पर लगी नागफनी की झाड़ी में एक संदिग्ध वस्तु फेंक दी. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे दबोच लिया. जब झाड़ी की तलाशी ली गयी, तो वहां कपड़े में लपेटकर छिपायी गयी एक देसी पिस्टल और खाली मैगजीन बरामद हुई.
मुंबई से जुड़े तार, दिल्ली में धमाके की थी साजिश
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में आरोपित ने चौंकाने वाले खुलासे किये हैं. सद्दाम पिछले कुछ सालों से मुंबई में रह रहा था, जहां वह पाकिस्तानी गैंगस्टर राणा हुसैन के नेटवर्क के संपर्क में आया. करीब तीन महीने पहले उसे मुंबई में ही यह पिस्टल मुहैया करायी गयी थी. वहां पुलिस की कड़ाई बढ़ने के बाद वह हथियार लेकर अपने गांव लौट आया था.
दिल्ली में पेट्रोल बम से हमला
शुरुआती जांच और पूछताछ में यह बात सामने आयी है कि इस नेटवर्क के इशारे पर दिल्ली के किसी बेहद भीड़भाड़ वाले इलाके में पेट्रोल बम से किसी बड़ी वारदात (आतंकी घटना) को अंजाम देने की साजिश रची जा रही थी. सद्दाम के मोबाइल की जांच करने पर उसकी कॉन्टैक्ट लिस्ट में ‘राना भाई’ के नाम से एक पाकिस्तानी मोबाइल नंबर सेव मिला है.
कड़ी धाराओं में मामला दर्ज
थानाध्यक्ष राजकुमार के बयान पर तारापुर थाने में मोहम्मद सद्दाम और दो अन्य अज्ञात मोबाइल धारकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 113(3), 3(5) और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है.
कहते हैं एसडीपीओ
एसडीपीओ कुमार देवेंद्र ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ अन्य खुफिया व जांच एजेंसियों के साथ तालमेल बिठाया गया है, ताकि समय रहते किसी भी संभावित अप्रिय घटना को रोका जा सके और पूरे सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया जा सके.
ALSO READ : बिहार की 1.5 लाख छात्राओं को मिलेगा 50000 का तोहफा, जानें कब आएगा पैसा
