पूर्व प्राचार्य के साथ झपटमारी करने वाला तीन आरोपी गिरफ्तार, लूट के 1.3 लाख रुपए बरामद

बेगूसराय के तिवारी गिरोह के अपराधियों ने अंजाम दिया था.

By VINOD RAO | January 29, 2026 11:28 PM

बेगूसराय के तिवारी गैंग ने दिया था घटना को अंजाम

जमालपुर

जमालपुर थाना क्षेत्र के गायत्री नगर रोड संख्या 3 में बुधवार को डॉ यूपी वर्मा कॉलेज के पूर्व प्राचार्य मणिकांत झा के साथ झपटमारी कर दो लाख रुपए छिनतई करने वाले गिरोह का पुलिस ने 12 घंटे में पर्दाफाश कर दिया है. इस घटना को बेगूसराय के तिवारी गिरोह के अपराधियों ने अंजाम दिया था. इस मामले में गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लूटे गए दो लाख में से 1.3 लाख रुपए बरामद भी कर लिए गए. इस बात की जानकारी पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने गुरुवार को आदर्श थाना जमालपुर में प्रेस वार्ता के दौरान दी.

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बुधवार की दोपहर पंजाब नेशनल बैंक से अपनी पुत्री की शादी के लिए पूर्व प्राचार्य ने 2 लाख की निकासी की थी. जो ई-रिक्शा से उतरने के बाद पैदल अपने घर जा रहे थे. इस बीच मोटरसाइकिल सवार दो युवक उनका लगातार पीछा कर रहे थे. रोड संख्या तीन में प्रवेश करने के बाद मोटरसाइकिल का सवार युवकों ने उनके हाथ में रखे झोले को छीन लिया और फरार हो गए.

बेगूसराय जिला के सुखाडा से हुई गिरफ्तारी

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सूचना मिलते ही थाना की टीम और डीआईयू की टीम पंजाब नेशनल बैंक जाकर सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया. साथ ही अन्य स्थान में लगे सीसीटीवी फुटेज का भी जांच किया. इस सिलसिले में तकनीकी साक्ष्य के आधार पर अपराधियों की पहचान की गई. सभी अपराध बेगूसराय जिले के फुलवरिया थाना अंतर्गत रहने वाले हैं. जिनकी गिरफ्तारी के लिए एक टीम बनाई गई. जिसमें थाना व डीआईयू की टीम द्वारा फुलवरिया थाना क्षेत्र के सुखाडा मोहल्ले से छापेमारी कर तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया गया. इस दौरान उनके पास से लूट का एक लाख 30 हजार रुपए भी बरामद किया गया. पूछताछ के क्रम में अपराधियों ने बताया कि बांकी के पैसे उन लोगों ने आपस में बांटकर खर्च कर दिए हैं.

इनकी हुई गिरफ्तारी

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों में तिवारी गिरोह के सक्रिय सदस्य टिंकू तिवारी का पुत्र करण तिवारी, राजकुमार तिवारी का पुत्र दीपक तिवारी तथा पैसे की लेनदेन करने में सहायता करने वाले टिंकू तिवारी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.

आदतन अपराधियों ने दी घटना को अंजाम

एसपी ने बताया कि जमालपुर में पूर्व प्राचार्य के साथ झपटमारी कर पैसे लूटने वाले अपराधी आदतन अपराधी गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं और यह लोग घूम-घूम कर घटना को अंजाम देते हैं. उन्होंने बताया कि इस सिलसिले में गिरोह के सदस्य न केवल मुंगेर बल्कि बेगूसराय, खगड़िया, शेखपुरा, नवादा और लखीसराय तक सॉफ्ट टारगेट का तलाश करते हैं. रेकी करते हैं और मौका पाते ही झपटमारी कर घटना को अंजाम देते हैं.

बैंक के साथ पुलिस करेगी बैठक

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि ऐसी घटना पर विराम लगाने के लिए पुलिस ने सभी बैंकों के साथ समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से बैठक करने का निर्णय लिया है. उन्होंने कहा कि पहले भी यह कहा गया है, परंतु अब प्रभावकारी ढंग से यह काम किया जाएगा. इसके अंतर्गत बैंक में यदि कोई सीनियर सिटीजन या महिला मोटी रकम की निकासी करती है तो इसकी सूचना बैंक द्वारा संबंधित पुलिस थाना को दी जाएगी. संबंधित थाना ऐसे लोगों को सुरक्षित घर तक पहुंचने में मदद करेगी.