77 वें गणतंत्र दिवस पर लहराया तिरंगा, मुख्य समारोह में प्रभारी मंत्री ने किया झंडोत्तोलन
सामाजिक उत्तरदायित्व के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए आइटीसी मुंगेर को जिला प्रशासन की ओर से प्रभारी मंत्री संजय कुमार ने सम्मानित किया.
मुंगेर
77 वें गणतंत्र दिवस पर सोमवार को प्रमंडलीय मुख्यालय मुंगेर में पूरे देश भक्ति और देश प्रेम के जज्बे के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया और तिरंगे को सलामी दी गयी. मुख्य समारोह किला परिसर स्थित पोलो मैदान में आयोजित हुआ. जहां राज्य के गन्ना उद्योग मंत्री सह जिले के प्रभारी मंत्री संजय कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी. इस अवसर पर विधायक कुमार प्रणय, मेयर कुमकुम देवी, डीआइजी राकेश कुमार, जिलाधिकारी निखिल धनराज, पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद, नगर आयुक्त पार्थ गुप्ता सहित पुलिस व प्रशासिक अधिकारी व आम लोग मौजूद थे.गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में झंडोत्तोलन से पूर्व प्रभारी मंत्री ने पुलिस अधीक्षक के साथ परेड का निरीक्षण किया. परेड में बिहार विशेष सैन्य पुलिस, जिला पुलिस, जिला सशस्त्र बल, एनसीसी महिला व पुरुष बटालियन ने भाग लिया. इस मौके पर विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से एक से बढ़ कर एक झांकी का प्रदर्शन किया गया. जिसके माध्यम से लोगों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गयी. झांकियों में विभाग के उपलब्धियों एवं कार्यो को भी दर्शाया गया था. जिसे देख वहां उपस्थित जनसमूह गदगद हो गये.
परेड में जिला सशस्त्र बल महिला व झांकी में शिक्षा विभाग ने मारी बाजी
परेड में बिहार विशेष सशस्त्र बल, जिला सशस्त्र बल महिला व पुरुष, प्रशिक्षु जिला सशस्त्र बल 1 व 2, गृह रक्षा वाहिनी, एनसीसी बटालियन, भारत स्काउट एंड गाइड ने भाग लिया. जिसमें जिला सशस्त्रत बल महिला को प्रथम, प्रशिक्षु जिला सशस्त्र बल-1 को द्वितीय एवं बीआरएम कॉलेज एनसीसी बटालियन को तृतीय स्थान के लिए चुना गया. जबकि झांकी में शिक्षा विभाग को प्रथम, स्वास्थ्य विभाग को द्वितीय एवं ग्रामीण विकास विभाग को तृतीय स्थान के लिए चुना गया. जिसे प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटों देकर सम्मानित किया गया.
