नौ से 14 मार्च तक जिले में चलेगा नियमित टीकाकरण का दूसरा राउंड

मुंगेर जिला नियमित टीकाकरण में सरकार के निर्धारित 95 प्रतिशत लक्ष्य को काफी भटक चुका है. वर्तमान में जिले में नियमित टीकाकरण की उपलब्धि मात्र 89 प्रतिशत है.

By AMIT JHA | February 24, 2026 6:40 PM

अब तक मात्र 89 प्रतिशत रही उपलब्धि

मुंगेर. मुंगेर जिला नियमित टीकाकरण में सरकार के निर्धारित 95 प्रतिशत लक्ष्य को काफी भटक चुका है. वर्तमान में जिले में नियमित टीकाकरण की उपलब्धि मात्र 89 प्रतिशत है. जिसके लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार ड्राइव मोड में टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है. इसके लिए जहां नौ से 14 फरवरी तक पहले राउंड में नियमित टीकाकरण अभियान चलाया गया था. वहीं दूसरा राउंड 9 से 14 मार्च के बीच चलाया जायेगा. इस दौरान विशेष रूप से 90 से 95 प्रतिशत उपलब्धि वाले क्षेत्रों में शिविर लगाकर किसी भी डोज से वंचित बच्चों को टीकाकृत किया जायेगा.

सिविल सर्जन डॉ राजू ने बताया कि विभाग द्वारा जिले में नियमित टीकाकरण के लिए 95 प्रतिशत का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. हालांकि जिले में वर्तमान में नियमित टीकाकरण की औसत उपलब्धि 89 प्रतिशत है. ऐसे में जिले में फरवरी से अप्रैल के बीच तीन चरणों में विशेष नियमित टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है. इसके तहत 9 से 14 फरवरी तक पहले चरण में अभियान चलाया गया था. इस दौरान विशेष रूप से वैसे प्रखंड जहां नियमित टीकाकरण की उपलब्धि 80 से 90 प्रतिशत है, वहां फोकस किया गया, जबकि दूसरा टीकाकरण राउंड 9 से 14 मार्च तक चलाया जायेगा. इस दौरान विशेष रूप से सभी प्रखंडों को 90 से 95 प्रतिशत उपलब्धि हासिल करना है. जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ फैजुद्दीन ने बताया कि अंतिम चरण का अभियान सात से 13 अप्रैल तक चलाया जायेगा. इस दौरान पूरे जिले में 95 प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने को लेकर फोकस किया जायेगा. इसके लिए लगातार सभी प्रखंडों के साथ समीक्षा की जा रही है, जबकि आशा व आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका द्वारा एक भी टीका से वंचित बच्चों को चिह्नित किया जा रहा है.