डीजे बजाने से मना करने पर पुलिस टीम पर पथराव, पुलिस ने चटकायी लाठियां

डीजे बजाने से मना करने पर पुलिस टीम पर पथराव

By BIRENDRA KUMAR SING | March 5, 2026 10:40 PM

मुंगेर. मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कटरिया अंबेडकर चौक पर बुधवार की शाम डीजे की धुन पर लोग होली मना रहे थे. तभी पुलिस पहुंची और सख्ती के साथ डीजे बजाने से रोका. पुलिस का विरोध करते हुए कुछ असमाजिक तत्वों ने पथराव कर दिया, जिसमें दो-तीन पुलिसकर्मी घायल हो गये. बाद में पुन: पुलिस पहुंची व जो मिला उसी को लाठियों से पीट दिया. इससे वहां अफरा-फतरी का माहौल बन गया. पुलिस ने आधा दर्जन युवकों को भी हिरासत में लिया है. बताया जाता है कि कटरिया अंबेडकर चौक पर युवा, किशोर, बच्चा डीजे की धुन पर होली मना रहे थे. तभी मोटर साइकिल सवार क्यूआरटी की टीम वहां पहुंची व डीजे बजाने से मना किया. इस दौरान पुलिस व होली मना रहे लोगों के बीच अनबन हो गयी. पुलिस ने सख्ती की तो विरोध में लोगों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया. इसमें तीन पुलिसकर्मी घायल हो गये. क्यूआरटी टीम वापस लौट गयी. कुछ देर बाद दलबल के साथ क्यूआरटी टीम वहां पहुंची. मौजूद लोगों पर जमकर लाठियां भांजी. स्थानीय लोगों ने पुलिस पर आरोप लगाया कि महिला, पुरुष, बच्चे जो मिला उसी को पिटने लगे. इससे गांव में आफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया. लोग घर छोड़ कर भागने लगे. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर थाना ले आयी, जिससे पूछताछ की जा रही है.

कहते हैं पुलिस अधीक्षक

पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने बताया कि बुधवार की शाम डीजे बजाने से मना करने पर असमाजिक तत्वों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया. इसमें कुछ पुलिसकर्मी जख्मी भी हो गये. कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया. जिसके संलिप्तता की जांच की जा रही है. पुलिस टीम पर हमला करने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कर्रावाई की जायेगी.