आपूर्ति टास्क फोर्स की बैठक में पीडीएस खाद्यान्न वितरण की हुई समीक्षा

आपूर्ति टास्क फोर्स की बैठक में पीडीएस खाद्यान्न वितरण की हुई समीक्षा

By RANA GAURI SHAN | June 10, 2026 9:09 PM

डीएम ने राशन कार्ड निर्माण, संशोधन व आधार सीडिंग के प्रगति की समीक्षा मुंगेर. समाहरणालय सभागार में जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर ने बुधवार को जिला आपूर्ति टास्क फोर्स की बैठक की, जिसमें जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) के प्रभावी संचालन, खाद्यान्न वितरण की स्थिति, राशन कार्ड से संबंधित मामलों तथा उपभोक्ताओं को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराने से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर समीक्षा की गयी. डीएम ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि पात्र लाभुकों को निर्धारित मात्रा व गुणवत्ता के अनुरूप खाद्यान्न समय पर उपलब्ध कराया जाए. उन्होंने कहा कि खाद्यान्न वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा शिकायत प्राप्त होने पर संबंधित जन वितरण प्रणाली विक्रेता के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने राशन कार्ड निर्माण, संशोधन व आधार सीडिंग की प्रगति की भी समीक्षा की. संबंधित अधिकारियों को लंबित आवेदनों के त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने तथा पात्र परिवारों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के लिए कार्रवाई के निर्देश दिये. बैठक में उचित मूल्य दुकानों के नियमित निरीक्षण, ई-पॉस मशीनों के सुचारू संचालन तथा वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. जिलाधिकारी ने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी नियमित रूप से क्षेत्रीय भ्रमण कर जन वितरण प्रणाली की निगरानी करें तथा प्राप्त शिकायतों का त्वरित निवारण सुनिश्चित करें. खाद्यान्न के उठाव व वितरण से संबंधित कार्यों की सतत निगरानी करने तथा वितरण प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो, इसके लिए आवश्यक समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिये.