तीन सूत्री मांगों को लेकर निगम कर्मियों का प्रदर्शन, 30 जुलाई से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

Nagar Nigam Protest: नियमितीकरण, सेवा सुरक्षा और एसीपी-एमएसीपी लागू करने की मांग को लेकर कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा, 29 जुलाई तक समाधान नहीं होने पर राज्यव्यापी हड़ताल की घोषणा

By Pintu Pranav | July 1, 2026 3:31 PM

मुंगेर से वीरेंद्र कुमार सिंह की रिपोर्ट

Nagar Nigam Protest: मुंगेर नगर निगम के कर्मचारियों ने बुधवार को अपनी लंबित मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया. बिहार लोकल बॉडीज एम्प्लाइज फेडरेशन, पटना के राज्यव्यापी आंदोलन के आह्वान पर टाउन हॉल में बैठक के बाद कर्मचारी नगर निगम गेट पहुंचे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि 29 जुलाई तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो 30 जुलाई से पूरे बिहार में नगर निकाय कर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे.

टाउन हॉल से निगम गेट तक किया प्रदर्शन

प्रदर्शन का नेतृत्व ऑल इंडिया कर्मचारी फेडरेशन के महासचिव सह मुंगेर नगर निगम कर्मचारी संघ के अध्यक्ष ब्रह्मदेव महतो ने किया. बैठक में कर्मचारियों ने कहा कि नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायतों में कार्यरत स्थायी, दैनिक वेतनभोगी, संविदा, आउटसोर्सिंग और ठेका कर्मियों की समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं. कई बार सरकार के साथ वार्ता और आश्वासन मिलने के बावजूद अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है.

तीन सूत्री मांगों पर अड़े कर्मचारी

कर्मचारियों ने लंबे समय से कार्यरत दैनिक वेतनभोगी और संविदा कर्मियों का नियमितीकरण कर सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई. इसके साथ ही नगर निकायों में ठेका और आउटसोर्सिंग व्यवस्था समाप्त करने तथा एसीपी-एमएसीपी योजना लागू कर बकाया राशि का भुगतान करने की मांग दोहराई गई.

समान कार्य के लिए समान वेतन की मांग

Nagar Nigam Protest: प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने कहा कि समान कार्य करने वाले सभी कर्मियों को समान वेतन मिलना चाहिए. आउटसोर्सिंग कर्मियों के वेतन का भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में सुनिश्चित करने की भी मांग की गई. कर्मचारियों का कहना था कि मौजूदा व्यवस्था में उन्हें आर्थिक और सेवा संबंधी कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

29 जुलाई तक का अल्टीमेटम

कर्मचारी नेताओं ने स्पष्ट कहा कि यदि 29 जुलाई तक सरकार उनकी मांगों पर कोई सकारात्मक पहल नहीं करती है तो 30 जुलाई से राज्यभर के नगर निकाय कर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे. हड़ताल से पहले चरणबद्ध आंदोलन के तहत प्रदर्शन, आमसभा और मशाल जुलूस आयोजित किए जाएंगे. प्रदर्शन के बाद कर्मचारियों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन प्रशासन के माध्यम से सरकार को भेजा.

ALSO READ: 30 जून से शुरू नहीं हो सका हावड़ा-जमालपुर सुपर एक्सप्रेस का प्राइमरी मेंटेनेंस, मुख्यालय से मंजूरी का इंतजार