मुंगेर में डायन बताकर महिला पर तलवार से हमला, हालत गंभीर, पुलिस ने आरोपित को किया गिरफ्तार

Munger Crime News : मुंगेर में अंधविश्वास की खौफनाक तस्वीर सामने आयी है. एक महिला को डायन बताकर उस पर तलवार से जानलेवा हमला कर दिया गया. हमले में गंभीर रूप से घायल महिला अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रही है, जबकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है.

By AMIT KR SINHA | June 16, 2026 1:28 PM

मुंगेर से वीरेंद्र कुमार सिंह की रिपोर्ट

Munger News : मुंगेर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत नौवागढ़ी बजरंगबली नगर में अंधविश्वास से जुड़ी एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. पड़ोसी द्वारा एक महिला को डायन बताकर तलवार से हमला करने का मामला प्रकाश में आया है. हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है तथा घटना में प्रयुक्त तलवार भी बरामद कर ली है.

एक वर्ष पुरानी घटना के बाद बढ़ा था विवाद

घायल महिला ने पुलिस को बताया कि लगभग एक वर्ष पूर्व पड़ोसी जानों मंडल के पुत्र की गंगा में डूबने से मौत हो गई थी. उस घटना के बाद से पड़ोसी परिवार उन्हें डायन मानने लगा था. महिला का आरोप है कि इसी अंधविश्वास के कारण उन्हें लगातार प्रताड़ित किया जाता था और कई बार विवाद की स्थिति भी उत्पन्न हुई थी.

गंगा स्नान के दौरान शुरू हुआ विवाद

बताया गया कि सोमवार को वह अपने परिजनों के साथ मनियारचक गंगा घाट पर स्नान करने गई थीं. इसी दौरान जानों मंडल की पत्नी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने लगी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्थिति इतनी बिगड़ गई कि मामला हिंसक रूप ले बैठा.

गंगा में डुबोने की कोशिश के बाद तलवार से हमला

पीड़िता के अनुसार, आरोपित पक्ष ने पहले उन्हें गंगा में डुबाकर मारने का प्रयास किया. जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उन पर तलवार से हमला कर दिया गया. हमलावरों ने महिला के शरीर के कई हिस्सों पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ीं. घटना के बाद वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे.

गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने घायल महिला को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें भर्ती कर लिया. अस्पताल सूत्रों के अनुसार महिला की स्थिति गंभीर बनी हुई है और चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है. घटना की सूचना मिलने के बाद अस्पताल में भी लोगों की भीड़ जुट गई.

पुलिस ने आरोपित को दबोचा, तलवार बरामद

घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थानाध्यक्ष विपिन कुमार सिंह पुलिस बल एवं एफएसएल टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया. घटना में प्रयुक्त तलवार भी बरामद कर ली गई है. एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.