दिव्यांगों के यूडीआईडी कार्ड निर्माण में 71 प्रतिशत उपलब्धि के साथ मुंगेर अव्वल

र्तमान में जिले में 2,574 मामले पेंडिंग हैं

By AMIT JHA | June 4, 2026 5:40 PM

– 25 मई 2026 तक जिले में कुल 15,077 दिव्यांगों को मिल चुका है यूडीआईडी कार्ड

मुंगेर.

जिले में दिव्यांगों को विशिष्ट दिव्यांगता पहचान पत्र (यूडीआईडी कार्ड) उपलब्ध कराने में मुंगेर जिला स्वास्थ्य विभाग ने 71 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की है. जिसके साथ ही यूडीआईडी कार्ड निर्माण में मुंगेर जिला स्वास्थ्य विभाग ने सूबे में पहला स्थान हासिल किया है. जिसके लिए समाज कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव एचआर श्रीनिवास ने रैकिंग की सूची जारी करते हुये सभी जिलों को यूडीआईडी कार्ड निर्माण को लेकर विशेष दिशा-निर्देश दिया है.

जिले में 71 प्रतिशत दिव्यांगों को मिल चुका है यूडीआईडी कार्ड

समाज कल्याण विभाग के अनुसार जिले में 2011 की जनगणना के अनुसार कुल दिव्यांगों की संख्या 21,382 है. जिसमें से कुल 18,395 दिव्यांगों द्वारा अबतक दिव्यांगता पोर्टल पर आवेदन किया गया है. इसमें मुंगेर स्वास्थ्य विभाग द्वारा 25 मई 2026 तक कुल 15,077 दिव्यांगों को विशिष्ट दिव्यांगता पहचान पत्र उपलब्ध कराया गया है. जबकि वर्तमान में जिले में 2,574 मामले पेंडिंग हैं. जो कुल 71 प्रतिशत उपलब्धि है.

कहते हैं सिविल सर्जन

सिविल सर्जन डॉ राजू ने बताया कि जिले में आवेदन करने वाले अबतक 71 प्रतिशत दिव्यांगों को यूडीआईडी कार्ड उपलब्ध करा दिया गया है. जबकि प्रत्येक गुरुवार को दिव्यांग बोर्ड शिविर का आयोजन कर दिव्यांगों को यूडीआईडी कार्ड उपलब्ध कराया जा रहा है.

दिव्यांग बोर्ड में कुल 68 दिव्यांगों की हुई जांच

सदर अस्पताल में गुरुवार को सिविल सर्जन की अध्यक्षता में दिव्यांग बोर्ड शिविर का आयोजन किया गया. जिसमें विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा कुल 68 दिव्यांगों की जांच की गयी. सिविल सर्जन डॉ राजू ने बताया कि दिव्यांग बोर्ड में हड्डी के कुल 42 दिव्यांगों की जांच हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ निरंजन कुमार, मानसिक दिव्यांग के कुल 8 दिव्यांगों की जांच डॉ रमन, नेत्र के 9 दिव्यांग की जांच डॉ किष्टो व कान व गले के 9 दिव्यांगों की जांच डॉ रेयान अहमद द्वारा की गयी. सिविल सर्जन ने बताया कि दिव्यांग बोर्ड में जांच के बाद संबंधित दिव्यांगों को एक सप्ताह में यूडीआईडी कार्ड उपलब्ध करा दिया जायेगा. मौके पर दिव्यांग बोर्ड कार्यालय कर्मी शैलेश कुमार मौजूद थे.