एमयू के तीसरे दीक्षांत समारोह को लेकर विद्यार्थी नहीं ले रहे दिलचस्पी

एमयू के तीसरे दीक्षांत समारोह को लेकर विद्यार्थी नहीं ले रहे दिलचस्पी

By AMIT JHA | June 11, 2026 8:42 PM

अंतिम तिथि तक मात्र 263 विद्यार्थियों ने ही किया आवेदन

मुंगेर.

मुंगेर विश्वविद्यालय एक ओर जहां अपने तीसरे दीक्षांत समारोह को लेकर तैयारी में जुटा है. वही इसमें अधिक से अधिक विद्यार्थियों को शामिल करने के लिए अबतक तीन बार आवेदन की प्रक्रिया भी बढ़ा चुका है, लेकिन इसके बावजूद एमयू के विभिन्न सत्रों के उत्तीर्ण हो चुके विद्यार्थी तीसरे दीक्षांत समारोह को लेकर अधिक दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं. इसका अंदाजा केवल इसी बात से लगाया जा सकता है कि दीक्षांत के लिए तीसरी बार तिथि बढ़ाने के बावजूद अंतिम तिथि तक केवल 263 विद्यार्थियों ने ही आवेदन किया है.

बता दें कि एमयू द्वारा अपने तीसरे दीक्षांत समारोह के लिए स्नातक के सत्र 2022-25, पीजी के सत्र 2023-25, सत्र 2024-26, बीएड के सत्र 2023-25, बीसीए व बीबीए के सत्र 2022-25, बायोटेक के सत्र 2021-24, बी-फॉर्मा के सत्र 2020-24 तथा एलएलबी के सत्र 2020-25 के उत्तीर्ण विद्यार्थियों से आवेदन मांगा. जिसमें पहले विद्यार्थियों को छह जून तक आवेदन का समय दिया गया. जिसके बाद आवेदन की तिथि को नौ जून तक विस्तारित कर दिया गया. वही तीसरी बार आवेदन की तिथि को 11 जून तक विस्तारित कर दिया गया, जिसकी अंतिम तिथि भी गुरुवार को समाप्त हो चुकी है.

दीक्षांत समारोह में दिलचस्पी नहीं ले रहे विद्यार्थी

एमयू के दीक्षांत समारोह के लिये निर्धारित सत्रों से लगभग 20 हजार से अधिक विद्यार्थी उत्तीर्ण हो चुके हैं, जिसमें विश्वविद्यालय के लिस्ट के अनुसार टॉपरों की संख्या 94 है, लेकिन दीक्षांत समारोह के लिए अबतक केवल 263 विद्यार्थियों ने ही आवेदन किया है. बता दें कि एमयू में सर्टिफिकेट को लेकर बदहाल व्यवस्था के कारण ही अब विद्यार्थी दीक्षांत जैसे बड़े समारोह से दूर हो रहे है. साल 2025 में आयोजित दूसरे दीक्षांत समारोह में भी सर्टिफिकेट मिलने के बाद विद्यार्थियों को इसमें मिले त्रुटि को ठीक कराने के लिए महीनों विश्वविद्यालय का चक्कर काटना पड़ा था, जबकि साल 2024 में आयोजित पहले दीक्षांत समारोह में तो कई टॉपरों के सर्टिफिकेट में ही त्रुटि पायी गयी थी.