Munger, दास टोला में भीषण आग, दो घर जलकर राख

आग इतनी भयावह थी कि कुछ ही देर में छतरी चौधरी और बाल्मीकि दास के घर इसकी चपेट में आ गए

By MANISH KUMAR | May 16, 2026 8:56 AM

मुंगेर से वीरेंद्र कुमार सिंह की रिपोर्ट,

जमालपुर प्रखंड के परहम पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 10 स्थित दास टोला में शुक्रवार देर शाम को अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भयावह थी कि कुछ ही देर में छतरी चौधरी और बाल्मीकि दास के घर इसकी चपेट में आ गए। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए।घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। स्थानीय गोताखोर टीम भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। आग की तेज लपटों और हवा के कारण हालात काफी चुनौतीपूर्ण बने रहे, लेकिन सभी के सामूहिक प्रयास से घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

इस अगलगी की घटना में दोनों परिवारों के घर में रखे फर्नीचर, कपड़े, अनाज और अन्य आवश्यक सामान पूरी तरह जलकर राख हो गए। हालांकि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से आसपास के अन्य घरों को बचा लिया गया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।

घटना के बाद पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। अचानक हुए इस नुकसान से वे गहरे सदमे में हैं और अब उनके सामने रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने की चुनौती खड़ी हो गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को जल्द से जल्द राहत सामग्री और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।