फुट ओवर ब्रिज का मेंटेनेंस कार्य शुरू, रेल यात्रियों के लिए आवाजाही बंद

जमालपुर जंक्शन पर मानसून से पूर्व सुरक्षा तैयारियों के तहत भागलपुर एंड स्थित फुट ओवर ब्रिज का मेंटेनेंस और फाइबर चादर बदलने का कार्य शुरू कर दिया गया है. मरम्मत कार्य के चलते इस पुल को दो से तीन दिनों के लिए बंद किया गया है, जिसके लिए रेल यात्रियों को वैकल्पिक पुल और एस्केलेटर का उपयोग करने की सलाह दी गई है.

By Divyanshu Prashant | May 10, 2026 3:38 PM

मुंगेर के जमालपुर से विजय कुमार गुप्ता की रिपोर्ट: मालदा रेल मंडल के प्रमुख स्टेशन जमालपुर जंक्शन पर यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने और सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य तेज कर दिया गया है. रविवार को प्लेटफॉर्म संख्या चार के भागलपुर एंड स्थित पुराने फुट ओवर ब्रिज (FOB) का मेंटेनेंस कार्य शुरू किया गया है. मरम्मत कार्य के चलते इस पुल से होकर यात्रियों के आने-जाने पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है.

मानसून को लेकर शेड और फाइबर चादरों की मरम्मत

रेलवे के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, बीती रात जमालपुर स्टेशन के संबंधित सक्षम अधिकारियों ने स्टेशन के तमाम फुट ओवर ब्रिज और यात्री शेड का गहन निरीक्षण किया था. इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य आगामी मानसून के सीजन में यात्रियों को होने वाली असुविधाओं को रोकना है. जांच के दौरान फुट ओवर ब्रिज और यात्री शेड के ऊपर लगे कई फाइबर चादर क्षतिग्रस्त पाए गए थे, जिन्हें बदलने का काम अब युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया गया है.

दो से तीन दिनों तक जारी रहेगा कार्य

इंजीनियरिंग विभाग के एक स्थानीय अधिकारी ने बताया कि मरम्मत और चादर बदलने के इस कार्य में दो से तीन दिनों का समय लग सकता है. उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ही पुल को बंद करने का निर्णय लिया गया है ताकि कार्य के दौरान किसी तरह की दुर्घटना न हो. फाइबर चादरों के बदलने से बारिश के मौसम में प्लेटफॉर्म और पुल पर जलजमाव व टपकने की समस्या से निजात मिलेगी.

वैकल्पिक पुल और एस्केलेटर का कर सकते हैं उपयोग

जमालपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या चार को प्लेटफॉर्म दो और तीन से जोड़ने के लिए दो अलग-अलग फुट ओवर ब्रिज मौजूद हैं. रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि भागलपुर एंड वाले पुल के बंद रहने के दौरान वे दूसरे फुट ओवर ब्रिज या एस्केलेटर वाले आधुनिक ब्रिज का सहारा ले सकते हैं. स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए सूचनात्मक निर्देश भी दिए गए हैं ताकि उन्हें आवागमन में अधिक परेशानी न हो.