हवेली खड़गपुर में चार महीने से खोदकर छोड़ दी सड़क, अब लोगों के लिए बनी मुसीबत

Kharagpur Road Construction Delay: करीब चार महीने पहले सड़क निर्माण के लिए खुदाई की गई थी, लेकिन इसके बाद काम आगे नहीं बढ़ सका. अब बारिश के कारण सड़क पर जलभराव और कीचड़ की स्थिति बन गई है, जिससे लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है.

By Shruti Kumari | June 10, 2026 10:44 AM
हवेली खड़गपुर से रतन झा की रिपोर्ट:

Kharagpur Road Construction Delay: नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या नौ में सड़क निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने से स्थानीय लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है. करीब चार महीने पहले सड़क निर्माण के लिए खुदाई की गई थी, लेकिन इसके बाद काम आगे नहीं बढ़ सका. अब बारिश के कारण सड़क पर जलभराव और कीचड़ की स्थिति बन गई है, जिससे लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है.स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया है. इससे क्षेत्र के लोगों में नाराजगी बढ़ रही है.

स्कूल जाने वाले बच्चों को हो रही सबसे अधिक परेशानी

स्थानीय निवासी जाकिरुद्दीन, विनोद यादव, सुनील केवट, सन्नी कुमार, रमेश कुमार, राहुल कुमार और छोटू पंडित ने बताया कि इसी सड़क से होकर प्रतिदिन बच्चे स्कूल जाते हैं. सड़क पर कीचड़ और जलभराव के कारण बच्चों के कपड़े गंदे हो जाते हैं और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है.ग्रामीणों के अनुसार, कई बार बाइक चालक फिसलकर गिर जाते हैं, जबकि पैदल चलने वाले लोगों को भी काफी कठिनाई का सामना करना पड़ता है.

मंदिर और बाजार जाने का प्रमुख रास्ता

ग्रामीणों ने बताया कि यह सड़क क्षेत्र को बाजार, स्कूल और मंदिर से जोड़ती है. इसी मार्ग पर प्रसिद्ध बिषहरी स्थान मंदिर भी स्थित है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं.उन्होंने कहा कि चैती नवरात्र के दौरान भी श्रद्धालुओं को कीचड़ और जलभराव वाले रास्ते से होकर गुजरना पड़ा. वहीं बुजुर्गों के लिए इस मार्ग पर चलना बेहद मुश्किल हो गया है.

संवेदक पर लापरवाही का आरोप

वार्ड आयुक्त प्रतिनिधि चंदन कुमार ने बताया कि सड़क निर्माण का कार्य बुडको के माध्यम से कराया जाना है. उन्होंने कहा कि संवेदक ने करीब चार महीने पहले सड़क निर्माण के लिए खुदाई कराई थी, लेकिन इसके बाद कोई काम नहीं कराया गया.उन्होंने बताया कि नाला निर्माण का कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन सड़क निर्माण अधर में लटका हुआ है. कई बार संवेदक से संपर्क कर काम शुरू करने का आग्रह किया गया, लेकिन हर बार जल्द काम शुरू करने का आश्वासन देकर टाल दिया गया.

संवेदक से नहीं हो सका संपर्क

मामले में संवेदक का पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से हस्तक्षेप कर जल्द सड़क निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की है.