किराया विवाद में चाचा ने ज्वेलरी दुकान संचालक को मारपीट कर किया घायल

घायल अवस्था में उसे इलाज के लिए मुंगेर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया

By BIRENDRA KUMAR SING | May 22, 2026 5:20 PM

मुंगेर. लखीसराय जिले के मेदनी चौकी थाना क्षेत्र में किराया को लेकर शुक्रवार को चाचा और भतीजे के बीच शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया. मारपीट की इस घटना में भतीजा ज्वेलरी संचालक आंसू कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल अवस्था में उसे इलाज के लिए मुंगेर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है. मेदनी चौकी निवासी संजय कुमार वर्मा के पुत्र आंसू कुमार अपने रिश्ते के चाचा धनंजय कुमार के मेदनी चौकी बाजार स्थित मकान में किराए पर रहकर सोना-चांदी की दुकान संचालित करते थे. पीड़ित के अनुसार घरेलू विवाद के कारण मकान मालिक धनंजय कुमार ने उनकी ज्वेलरी दुकान बंद कर उसमें ताला लगा दिया और जबरन किराए की मांग करने लगे. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई. आरोप है कि विवाद के दौरान आंसू कुमार के साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल मुंगेर सदर अस्पताल पहुंचाया गया.