सिपाही भर्ती परीक्षा के बाद ट्रेन पकड़ने पहुंचे अभ्यर्थियों से जमालपुर स्टेशन पर रही भारी भीड़

जिसमें रेलवे सुरक्षा बल का भी सहयोग लिया गया. इस दौरान विक्रमशिला एक्सप्रेस, किऊल-मालदा इंटरसिटी एक्सप्रेस और भागलपुर-मुजफ्फरपुर जनसेवा एक्सप्रेस से बड़ी संख्या में परीक्षार्थी जमालपुर पहुंचे

By ANAND KUMAR | June 14, 2026 8:56 PM

रेल एएसपी ने संभाली सुरक्षा की कमान, परीक्षार्थियों और यात्रियों को देते रहे हिदायत जमालपुर सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर रविवार को जमालपुर रेलवे स्टेशन पर अभ्यर्थियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. हाल यह था कि जमालपुर से गुजरने वाली लगभग तमाम ट्रेनों में अभ्यर्थी चढ़ने के लिए जद्दोजहद करते दिखे. भीड़ को देखते हुए रेल पुलिस मुख्यालय के आदेश पर एएसपी उमेश्वर चौधरी दलबल के साथ जमालपुर स्टेशन पहुंचे और भीड़ नियंत्रण की कमान खुद संभाली. जानकारी के अनुसार पहली पाली की परीक्षा समाप्त होने के बाद एक बार फिर स्टेशन पर भीड़ पहुंच गई. भीड़ की स्थिति को देखते हुए एडिशनल एसपी ने मेगा फोन से भीड़ को नियंत्रित करने का काम किया. उन्होंने ट्रेन पर चढ़ने के क्रम में आपस में धक्का-मुक्की नहीं करने की अपील की. इसके साथ ही पुरुष और महिला कांस्टेबल को भी भीड़ नियंत्रण के लिए लगाया गया. जिसमें रेलवे सुरक्षा बल का भी सहयोग लिया गया. इस दौरान विक्रमशिला एक्सप्रेस, किऊल-मालदा इंटरसिटी एक्सप्रेस और भागलपुर-मुजफ्फरपुर जनसेवा एक्सप्रेस से बड़ी संख्या में परीक्षार्थी जमालपुर पहुंचे और यहां से रवाना हुए. एडिशनल एसपी ने कहा कि सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर पहले से अतिरिक्त फोर्स की तैनाती कर दी गई थी. यात्रियों की असुविधा का ख्याल कर पहले से ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया था. उन्होंने बताया कि जमालपुर में लगभग 2300 परीक्षार्थियों के लिए शहरी क्षेत्र में दो परीक्षा केंद्र बनाए गए थे. जिसमें एनसी घोष बालिका प्लस टू विद्यालय और सरस्वती विद्या मंदिर दौलतपुर शामिल थे. दूसरे हाफ की परीक्षा की समाप्ति तक रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा बलों ने मोर्चा संभाल रखा था.